कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक विशाल यादव की रॉड और सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया. आक्रोशित परिजनों ने युवक का शव सड़क पर रखकर जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग जाम कर दिया. जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
इसे भी पढ़ें- मुसीबत में जनता, मौज में MLA! क्षेत्र में बाढ़ से जूझ रहे लोग, विधायक गुमशुदा, आखिर जनता की सुध कब लेंगे नेता जी?
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने विशाल को घेरकर रॉड और सरिया से ताबड़तोड़ हमला किया. गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और परिजनों में आक्रोश फैल गया. जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव और एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाने के साथ ही स्वाट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया.
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में लाइन बाजार पुलिस को लेकर भी नाराजगी देखने को मिली. आक्रोशित परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया.
इसे भी पढ़ें- अगर आपकी गाड़ी भी 45 दिन से ARTO में बंद है तो हो जाएं सावधान! कमिश्नर के औचक निरीक्षण के बाद नीलामी की तैयारी शुरू
ग्रामीणों के अनुसार, विशाल की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.



