गोविंद पटेल, कुशीनगर. जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बाजार सामान खरीदने जा रहे एक नाबालिग को पुलिसकर्मियों ने रास्ते से उठाकर थाने ले जाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसका कंधा फ्रैक्चर हो गया. पीड़ित का ऑपरेशन कराना पड़ा और अब परिवार न्याय की मांग के बजाय भय के साये में जीने को मजबूर है.

इसे भी पढ़ें- मौतों के बाद ही जागता है सिस्टम! नियमों की अनदेखी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, VDA ने 11 कोचिंग संस्थानों को किया सील

मामला हाटा कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर-मुजेहना गांव का है. परिजनों के अनुसार, 15 जून को नाबालिग सन्नी सिंह पुत्र अमर सिंह मोटरसाइकिल से बाजार जा रहा था. मुजेहना टोल प्लाजा के पास मौजूद चार पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का इशारा किया. सन्नी ने बाइक सड़क किनारे रोक दी, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मी उस पर भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे. जब किशोर ने बताया कि उसका घर पास में ही है, तो पुलिसकर्मी और आक्रामक हो गए.

परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना कोई स्पष्ट कारण बताए नाबालिग को जबरन हिरासत में लेकर हाटा कोतवाली पहुंचे और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई की. मारपीट इतनी गंभीर थी कि सन्नी का कंधा फ्रैक्चर हो गया. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां ऑपरेशन के बाद उसकी जान बच सकी. पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने कार्रवाई की मांग की, तो संबंधित पुलिसकर्मियों ने दबाव बनाकर समझौता करा दिया. इतना ही नहीं, शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई. परिवार का कहना है कि डर और दबाव के कारण वे खुलकर आवाज नहीं उठा पा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी की यह हरकतें देखकर… PDA के A को आदिवासी बताने पर ओपी राजभर का निशाना, सपा सुप्रीमो पर दिया बड़ा बयान

इस घटना ने पुलिस की जवाबदेही, मानवाधिकारों के सम्मान और नाबालिगों के संरक्षण को लेकर कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं. यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह कानून और पुलिस मैनुअल दोनों की खुली अवहेलना मानी जाएगी. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या एक नाबालिग को बिना किसी अपराध के संदेह के थाने ले जाकर पीटा गया? और यदि ऐसा हुआ, तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कब होगी.