लखनऊ. उत्तर प्रदेश टी-20 लीग (UP T20 League) के चौथे सीजन का भव्य आगाज 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 7 बजे लीग के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन समारोह शाम 6 बजे से शुरू होगा. उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की ओर से आयोजित इस लोकप्रिय टी-20 लीग को लेकर इकाना स्टेडियम में विशेष तैयारियां की गई हैं. उद्घाटन समारोह में ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी.
इसे भी पढ़ें- 20 हजार अभी लो, 30 वोट देने के बाद! योगी सरकार महिलाओं के खाते में पैसे डालने की कर रही तैयारी, अखिलेश यादव ने बताया जुमला
दोपहर 3 बजे से डायवर्जन लागू
मैच को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक शहीद पथ और स्टेडियम के आसपास यातायात डायवर्जन लागू किया है. मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज, निजी बसों और अन्य व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. सुल्तानपुर रोड से आने वाली बसों और व्यावसायिक वाहनों को अमूल तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि अर्जुनगंज-कैंट की ओर से आने वाले वाहनों को कटाई पुल से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा. सिटी बसें चलती रहेंगी, लेकिन हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर उनका ठहराव नहीं होगा.
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग व्यवस्था
शहीद पथ और उसकी सर्विस रोड पर ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे. अर्जुनगंज की तरफ से आने वाले ऑटो-ई रिक्शा अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 और मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क से जाएंगे. सुल्तानपुर रोड की तरफ से आने वाले ऑटो-ई रिक्शा लुलु मॉल की ओर डायवर्ट होंगे. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अहिमामऊ के 500 मीटर के दायरे में ऑटो और ई-रिक्शा सवारी नहीं उतार सकेंगे और न ही बैठा सकेंगे.
इसे भी पढ़ें- आत्महत्या नहीं, ‘सिस्टम’ ने मारा है! ऊंचाहार में पुलिसिया ‘प्रताड़ना’ की भेंट चढ़ा एक और नौजवान, तंग आकर फांसी लगाकर दी जान
निजी वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
वाहन पास वाले दर्शक अहिमामऊ से एचसीएल की ओर जाकर वाटर टैंक तिराहा और प्लासियो के रास्ते निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे. बिना पास वाले वाहनों के लिए पहले प्लासियो मॉल की पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा. पार्किंग भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. दो पहिया वाहन अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुए प्लासियो मॉल के पीछे निर्धारित पार्किंग में खड़े किए जाएंगे. स्टेडियम या प्लासियो मॉल के सामने अवैध पार्किंग करने पर टोइंग और क्लैंप की कार्रवाई की जाएगी.
टिकट पर मिलेगा पार्किंग का मैप
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट पर क्यूआर कोड दिया गया है. इसे स्कैन करने पर पार्किंग स्थलों की जानकारी मैप के साथ उपलब्ध होगी. मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले स्टेडियम में प्रवेश शुरू होगा और दूसरी पारी के मध्य तक प्रवेश की अनुमति रहेगी. यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश नहीं दिया जाएगा. बिना टिकट या ड्यूटी कार्ड के स्टेडियम में प्रवेश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. स्टेडियम में सिक्का, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ समेत प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी. यातायात पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि यदि मैच देखने नहीं जा रहे हैं तो स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. दर्शकों को भी शाम 6 से 8 बजे के पीक आवर से बचने और संभव हो तो इसके पहले या बाद में यात्रा करने की सलाह दी गई है.


