इटावा. समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. आरोप है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर फर्जी आईडी के जरिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक और मानहानि सामग्री प्रसारित की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- 2023 का स्क्रीनशॉट तारीख हटाकर… अखिलेश यादव पर ओपी राजभर ने बोला तीखा हमला, जानिए सुभसपा प्रमुख ने ऐसा क्या कहा?

समाजवादी मीडिया सेल की तरफ से एक्स मंच पर पोस्ट की गई तहरीर में कहा गया है कि 4 जुलाई 2026 से लगातार सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें दावा किया गया कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी टिन्नू यादव ने पिछले ढाई वर्षों में अखिलेश यादव से 980 बार फोन पर बातचीत की. शिकायतकर्ता ने इसे पूरी तरह झूठा, निराधार और राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया है.

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने भी 6 जुलाई को एक्स पर इसी कथित फर्जी सामग्री को साझा करते हुए आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी की. सपा का कहना है कि इससे पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया तथा समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश हुई.

इसे भी पढ़ें- वृक्षारोपण नहीं, भ्रष्टाचार रोपण अभियान…अखिलेश का योगी सरकार पर करारा हमला, 35 करोड़ पौधे लगाए जाने को लेकर किया बड़ा दावा

प्रार्थना पत्र में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 196(1), 353(2), 319(2), 352 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है. साथ ही मेटा और एक्स से संबंधित अकाउंट्स के आईपी एड्रेस, लॉगिन डिटेल, ईमेल और मोबाइल नंबर हासिल कर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है.

इससे पहले एक दिन पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को कथित भ्रामक पोस्ट हटाने के लिए 10 मिनट का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि पोस्ट नहीं हटाने पर उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी.