लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर छात्रों, युवाओं और किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार इन वर्गों के लिए सबसे बड़ा संकट बन गई है. उन्होंने कहा कि जो सरकार अयोध्या के श्रीराम मंदिर के दानपात्र की सुरक्षा नहीं कर सकी, उससे पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने की उम्मीद भी नहीं की जा सकती.

इसे भी पढ़ें- कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहब का नाम… सपा पर बरसे CM योगी, संत परंपरा के सम्मान का संकल्प लेते हुए दिया बड़ा बयान

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि यही सरकार युवाओं के भविष्य से भी खिलवाड़ कर रही है. अखिलेश यादव ने हाल के छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई, आंसू गैस के गोले दागे गए और लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्र घायल हुए. उन्होंने सरकार से पूछा कि छात्रों और युवाओं पर बल प्रयोग किसके आदेश पर किया गया और इसकी जवाबदेही कौन तय करेगा. भाजपा सरकार की नीतियों से छात्र, नौजवान, किसान और मजदूर सभी परेशान हैं. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, जबकि किसानों को समय पर खाद और बीज तक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- केवल सख्त कानून बना देने से…पेपर लीक रोकथाम विधेयक पर मायावती ने खड़ा किया बड़ा सवाल, मोदी सरकार को दे डाली सलाह

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में किसान डीएपी और यूरिया के लिए सहकारी समितियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी और मुनाफाखोरी चरम पर है. सरकार केवल कागजी आंकड़े पेश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर सीजन में किसानों को खाद संकट का सामना करना पड़ रहा है.