वाराणसी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में सद्गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और संत परंपरा के सम्मान को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने जाति और भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना की थी. उन्होंने रविदास जी की प्रसिद्ध पंक्ति “ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसें…” का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 81 करोड़ लोगों को बिना किसी भेदभाव के मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो इसी विचार को धरातल पर उतारने का उदाहरण है.

इसे भी पढ़ें- पति नहीं, ‘प्यार’ चाहिए: हसबेंड के सामने बीवी ने प्रेमी के साथ लिए सात फेरे, जानिए मोहब्बत से लेकर मुक्कमल होने तक की अनोखी कहानी

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर एयरपोर्ट का नाम सद्गुरु रविदास जी और अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि समाज को बांटने वाली मानसिकता ऐसे फैसलों का विरोध करती है, जबकि सरकार समाज को जोड़ने का काम कर रही है.

मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का नाम हटा दिया था, जिसे उनकी सरकार ने दोबारा बहाल किया. उन्होंने यह भी कहा कि औरैया मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा गया है.

इसे भी पढ़ें- केवल सख्त कानून बना देने से…पेपर लीक रोकथाम विधेयक पर मायावती ने खड़ा किया बड़ा सवाल, मोदी सरकार को दे डाली सलाह

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि भदोही को फिर से “संत रविदास नगर” के नाम से जाना जाएगा और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी. उन्होंने कहा कि यह निर्णय संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि और सम्मान का प्रतीक होगा.

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्रदेश में जहां-जहां सद्गुरु रविदास जी, महर्षि वाल्मीकि, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर तथा सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं बिना छतरी के हैं, वहां सरकार अपने खर्च पर छतरी का निर्माण कराएगी. इसके अलावा जिन पार्कों का नाम इन महापुरुषों के नाम पर है और जहां बाउंड्रीवॉल नहीं है, वहां सुरक्षा के लिए सरकार अपने खर्च पर बाउंड्री वॉल भी बनवाएगी. उन्होंने कहा कि इसके लिए धन की व्यवस्था कर दी गई है और कार्रवाई शुरू हो चुकी है.