लखनऊ. 7 सिंतबर को राजघाट में गोरखपुर में राप्ती नदी के किनारे राजघाट स्थित गुरु गोरक्षनाथ घाट पर गुंबद गिरने
से दो अधिवक्ताओं की मौत हो गई थी. जिस पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने करोड़ों की जो धनराशि गोरखपुर के राजघाट के निर्माण के लिए निकाली थी, उसमें से सिंचाई विभाग ने भाजपाइयों के साथ मिलकर, भ्रष्टाचार की नहर निकालकर अपने स्वार्थ के कई खेत सींच लिए हैं तभी ये बदहाली है. निर्माण की इस दुर्गति के पीछे भाजपाई कमीशनख़ोरी ही ज़िम्मेदार है, जिसने दो अधिवक्ताओं की असामयिक जान ले ली है, उस पर अधिकारियों की असंवेदनशील बेहूदा बयानबाज़ी की प्रेरणा उन भ्रष्ट अफ़सरों को कहाँ से मिल रही है कहने की ज़रूरत नहीं हैं.
इसे भी पढ़ें- महीने में कई बार अयोध्या आते हैं, लेकिन… CM योगी के दौरे से पहले सांसद अवधेश प्रसाद का तीखा हमला, चंदा चोरी से लेकर कई मुद्दों पर घेरा
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि इधर भाजपा सरकार में ये देखा जा रहा है कि मृतकों के परिजनों के घाव पर नमक छिड़कने का काम लगातार किया जा रहा है. भाजपाई याद रखें अब जनता न तो भाजपावालों के भाषण सुनने के मूड में है, न उनके बयान. निर्माण में संलिप्त अधिकारियों व ग़ैरज़िम्मेदार बयानबाज़ी पर अगर अधिकारियों का निलंबन नहीं हुआ तो माना जाएगा कि वो अपने मुखिया और सांसद के कहने पर ऐसा भ्रष्ट काम कर रहे हैं, ऐसी भ्रष्ट भाषा बोल रहे हैं.
उन्होंने ये भी कहा कि उप्र की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का हाल ये है कि अगर लोगों को पता चल जाए कि ये निर्माण भाजपाकाल में हुआ है तो, भाजपाकाल में निर्मित छतरी और द्वार के नीचे जनता खड़ी नहीं होती है. भाजपाकाल में निर्मित पानी की टंकी देखकर दूर भागती है, भाजपाकाल में निर्मित दीवार का सहारा नहीं लेती है, भाजपाकाल में निर्मित सड़क, हाईवे और एक्सप्रेसवे पर नहीं चलती है, भाजपाकाल में निर्मित पुलों से नहीं गुजरती है, भाजपाकाल में निर्मित मंदिर और संसद की टपकती छत से ख़ौफ़ खाती है.
इसे भी पढ़ें- ‘बदहाली’ के आंसू रो रहा रायबरेली! रोजगार, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा की दुर्दशा, न्याय की बात करने वाले राहुल गांधी जनता के साथ कब करेंगे न्याय?
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार का वैश्विक रिकॉर्ड तोड़ दिया है. भाजपाई ये भी नहीं सोचते हैं कि इन जानलेवा निर्माणों के कारण कभी उनके अपने भी इसका शिकार हो सकते हैं, लेकिन हृदयहीन भ्रष्ट भाजपाई अपने आप के अलावा किसी और के बारे में या परिवार के बारे में नहीं सोचते हैं. ये बड़े गर्व से कहते हैं कि हमारा तो परिवार ही नहीं है. परिवार उनके होते हैं जो ज़िम्मेदारी निभाना जानते हैं, उनके नहीं जो ज़िम्मेदारी से भागकर सुरंगों में रहते हैं. गोरखपुर में सांसद, विधायक, मेयर का भाजपाई ट्रिपल इंजन है, ऊपर से मुख्यमंत्री भी यहीं के हैं और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी, शायद इसीलिए भ्रष्टाचार में बंदरबाँट के हिस्से भी ज़्यादा हो रहे हैं और निर्माण के लिए कुछ बचता ही नहीं है. बेहद निंदनीय!



