लखनऊ. अखिलेश यादव ने निर्माणाधीन पुल के गिरने से 6 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक निर्माणाधीन पुल के गिरने से 6 लोगों की मौत और अन्य के घायल होने की घटना बेहद दुखदायी है. उन्होंने समाजवादी पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं से अपील की है कि हमीरपुर पुल गिरने की घटना में पीड़ितों की हर सम्भव मदद करें. ऐसा क्यों है भाजपा सरकार में हो रहा हर निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है.
इसे भी पढ़ें- लव स्टोरी का THE END: पेड़ में फांसी के फंदे से लटकी मिली प्रेमी-प्रेमिका की लाश, आखिर मोहब्बत में दोनों ने क्यों चुनी मौत?
आगे अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है. इसकी मूल वजह हर काम में 50 फीसदी से भी ज़्यादा की भाजपाई गुरू दक्षिणा और कमीशनख़ोरी है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कभी पुल गिरता है, कभी पानी की टंकियां ढह रहीं हैं. कभी स्टेशन की दीवार गिरती है तो कभी इनके बनाए हुए भवनों की छतों से पानी टपकता है. भाजपा सरकार में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकियां तो भ्रष्टाचार का भार ही नहीं सहन कर पा रही है. टंकियों के लगातार गिरने की खबरें आती रहती हैं. अब पुल भी गिर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- वायु सेना के सहारे क्वेश्चन पेपर्स ले जाएंगे? री-नीट को लेकर अखिलेश यादव ने पूछा सवाल, शिक्षा मंत्री पर तंज कसते हुए दिया बड़ा बयान
अखिलेश यादव ने कहा कि जो पुल हवा से टूट जा रहे हैं, जब उन पर ट्रैफ़िक चलेगा तो क्या होगा, ये कल्पना ही डर पैदा करती है. जब भाजपा से पुलिया तक ठीक से नहीं बन सकती तो पुलों के निर्माण की जिद क्यों ठाने है? सबको पता है कि भाजपा की कार्य क्षमता और योग्यता शून्य है. उन्होंने मांग की है कि सरकार राहत-बचाव कार्य तेज करे और मृतकों का ससम्मान अंतिम संस्कार करने की व्यवस्था की जाए. पीड़ित परिजनों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाये.

