लखनऊ. स्वतंत्रता दिवस के मंच से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जहां संविधान और लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प दोहराया, वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सियासी तैयारी का स्पष्ट संदेश भी दे दिया. अखिलेश ने कहा कि चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं, अब सिर्फ टिकट देना बाकी है. “संविधान है तो स्वतंत्रता है, संविधान नहीं रहेगा तो स्वतंत्रता छिन जाएगी.” उन्होंने कहा कि संविधान जितना मजबूत होगा, लोकतंत्र उतना ही मजबूत होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान की रक्षा के लिए किसी भी त्याग के लिए तैयार रहने का आह्वान किया.
सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने का दावा कर रही है, लेकिन भारत की तुलना समान अर्थव्यवस्था वाले देशों से की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में बड़ी संख्या में परिवारों को राशन की जरूरत पड़ रही है और किसानों की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं. उन्होंने किसानों को समय पर पानी, बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा फसल की लाभकारी कीमत सुनिश्चित करने की जरूरत बताई. शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उन्होंने सरकार को घेरा. अखिलेश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं और अस्पतालों में डॉक्टर, दवाएं और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमी है.
इसे भी पढ़ें- फंदे में ‘बेटी’ लटकी या ‘बाबा’ के दावे! 4 दिन से लापता किशोरी की जंगल में मिली लाश, जीरो टॉलरेंस का दावा ‘जुमला’, ऐसे बेटियां बचाएंगे योगी जी?
तहसील से लेकर थाने तक भ्रष्टाचार
अखिलेश ने कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को निशाने पर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील से लेकर थाने तक भ्रष्टाचार है और भाजपा सरकार ने पुलिस व्यवस्था को खराब कर दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरतों पर अधिक ध्यान देना चाहिए.
अखिलेश यादव ने भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों पर विभाजन विभीषिका दिवस मनाने को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान नहीं रहा और कहा कि भाजपा का राष्ट्रवाद ‘इकरंगी’ जबकि समाजवादियों का राष्ट्रवाद ‘बहुरंगी’ है. उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलना और भाईचारा मजबूत करना जरूरी है. अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय और पीडीए की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया.
इसे भी पढ़ें- नशे में थे क्या जिम्मेदार? फतेहपुर में PWD कार्यालय में फहराया गया उल्टा तिरंगा, VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
बयान देने से बचने की सलाह
अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब बहुत कम समय बचा है और वर्ष 2027 की शुरुआत होते ही प्रदेश का राजनीतिक माहौल बदल जाएगा. उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में सपा ने भाजपा को हराया है और विधानसभा सीटों में परिवर्तित करने पर भी सपा की बढ़त दिखाई देती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेताया कि कोई भी ऐसा बयान न दें, जिसका भाजपा राजनीतिक फायदा उठा सके. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को संयमित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहिए, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचे.
महिलाओं के लिए 40 हजार की पेंशन का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना फिर शुरू की जाएगी और माताओं-बहनों को हर साल 40 हजार रुपये देने का काम होगा. उन्होंने महिला आरक्षण को 2027 में लागू करने की मांग भी उठाई. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर समाजवादी पार्टी का संकल्प संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, भाईचारे और खुशहाल भारत के निर्माण का है.


