लखनऊ. अखिलेश यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा, सोनम वांगचुक जी से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वो अपना अनशन तोड़ दें. उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है, क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है, जितनी की लोकतंत्र के लिए.

इसे भी पढ़ें- दिल में बाबर, मुंह में राम…राजधानी की सड़कों पर लगे मुलायम सिंह और अखिलेश यादव को लेकर विवादित पोस्टर, जानिए ऐसा क्या लिखा?

आगे अखिलेश यादव ने कहा, जिस भाजपा सरकार को जगाने के लिए वो आमरण अनशन पर हैं वो तो एक सिद्धांतहीन, भ्रष्ट तंत्र है, उसकी असंवेदनशीलता और हृदयहीनता में किसी के भी त्याग का कोई महत्व नहीं है. अत: भाजपाइयों से सदाचार और हृदय-परिवर्तन की कोई भी अपेक्षा निरर्थक है. भाजपाइयों के लिए किसी के जीवन का कोई भी मोल नहीं है. उनके लिए धन ही प्रधान है. वो भ्रष्टाचार से कमाए पैसों के घमंड में चूर हैं. उनमें बदलाव की आशा करना ही व्यर्थ है, जिनमें अहंकार होता है उनमें परिष्कार नहीं होता. ‘सत्याग्रह’ का महत्व वो क्या जानें जो ‘सत्ताग्रह’ के लालच में मंदिर तक लूट ले रहे हैं. उन्हें न युवाओं के भविष्य से कुछ लेना-देना है, न उनके माता-पिता और अन्य परिजनों के सपनों से, वो तो ख़ुदगर्ज़ लोग हैं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव जी! आपके सपाई गुंडों ने… ओपी राजभर ने सपा के कार्यकाल को बताया ‘आतंकराज’, सपा सुप्रीमो पर बोला तीखा हमला

आगे उन्होंने कहा, लोकतंत्र का गला घोंटने वाली महापापी-अधर्मी भाजपा और उसके भूमिगत अपंजीकृत संगी-साथियों के गिरोह को हराने और सदैव के लिए हटाने के लिए आपके मनोबल और नैतिकता की महाशक्ति हर सच्चे भारतीय की प्रेरणा बनती रहे और आप देशवासियों, युवाओं, लोकतंत्र और पर्यावरण के संघर्ष के लिए नकारात्मक ताक़तों के ख़िलाफ़ सदैव प्रकाश स्तंभ बने रहें, यही हम सबकी चाह है और प्रार्थना भी.