लखनऊ. अखिलेश यादव राम मंदिर में हुए चढ़ावे में गड़बड़ी को लेकर लगातार भाजपा पर हमलावर हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी. यहीं भाजपाई राजनीति का आरंभ हुआ था, यहीं अंत भी होगा. अयोध्या में चढ़ावे-चंदे-दान-शिला चोरी’ की घटना के बाद से यहां आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या पर नकारात्मक असर पड़ा है. लोगों की आस्थाएं खंडित हुई हैं. इसका सीधा असर अयोध्या के स्थानीय काम-कारोबार और आम आदमी की आमदनी पर पड़ा है. सरकार की गलती का खामियाजा जनता क्यों भुगते.
इसे भी पढ़ें- सूप बोले सूप, चलनी बोले जिसमें 72 छेद… अवधेश प्रसाद ने राजभर पर साधा निशाना, कहा- सपा चट्टान की तरह मजबूत और एकजुट
उन्होंने कहा कि अयोध्या और आस-पास के सभी क्षेत्रों में भयंकर आक्रोश पनप रहा है. इस पावन सनातनी तीर्थ की शुचिता जिन भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों की वजह से कलुषित हुई है, वो अपना कारनामा करके सदैव की तरह भूमिगत हो गये हैं. अस्पष्टता के कारण वातावरण और भी शंकापूर्ण व तनावपूर्ण हो गया है. स्थानीय लोग मंदिर जाने से भी घबरा रहे हैं कि कहीं उनको ही जांच के नाम पर फंसा न दिया जाए.
इसे भी पढ़ें- PDA समारोह में मुरादाबाद वाली सांसद… सपा में टूट होने को लेकर ओपी राजभर का बड़ा दावा, अखिलेश यादव के चाचा पर दिया बड़ा बयान
आगे अखिलेश यादव ने कहा, श्रद्धालुओं में एक अज्ञात भय व्याप्त हो गया है. जांच कहां तक पहुंची इसकी डेली ब्रीफिंग होनी चाहिए, क्योंकि भाजपा सरकार में हो रहे ‘चतुर्दिक महा-भ्रष्टाचार’ के कारण जनता का अब एसआईटी पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं है. मथुरा से भी आई धांधली की खबर बेहद गंभीर है, उसकी भी उच्च स्तरीय विश्वसनीय जांच हो.

