लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अयोध्या के मंदिर से ‘चढ़ावा, चंदा, दान चोरी’ का समाचार समस्त विश्व में फैल चुका है. दुनिया के विभिन्न देशों में रहने वाला सनातनी भाजपा और उनके संगी-साथियों के कृत्यों से हो रही बदनामी की वजह से शर्मसार हैं और इसलिए आहत भी कि उन्होंने भी मंदिर में दान-चंदा भिजवाया था या स्वयं आकर चढ़ाया था.

इसे भी पढ़ें- चोरी छिपाएंगे या जांच कराएंगे? राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर अजय राय ने PM मोदी को लिखा पत्र, कर दी बड़ी मांग

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि इस प्रकरण से सम्पूर्ण विश्व में सनातन समाज आक्रोशित है, क्योंकि धर्म के साथ देश को भी भाजपाई अधर्मियों के कारण अपयश का शिकार होना पड़ रहा है. दुनिया भर के निवेशक भी अब अपना हाथ खींच रहे हैं क्योंकि उन्हें लग रहा है कि ऐसी सरकार का क्या भरोसा जिसने अपने भगवान के दानपात्र तक को नहीं छोड़ा, वो कल को हमारे निवेश को क्या छोड़ेगी. भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता पूरी तरह खो दी है.

इसे भी पढ़ें- जीवन से ज्यादा रील जरूरी! परिजनों ने डांट से आहत होकर छात्रा ने नहर में कूदकर दी जान, हैरान कर देगा पूरा मामला

क्या है पूरा मामला

बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब होने का दावा किया था. उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट और सरकार पर गंभीर सवाल उठाए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि यह मामला दुनिया भर के रामभक्तों की आस्था से जुड़ा है और न्यायालय को इसका स्वतः संज्ञान लेना चाहिए. इस मामले पर मंदिर ट्रस्ट की चुप्पी शर्मनाक है और सरकार की चुप्पी संदिग्ध है.

अखिलेश ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा था कि समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है. ये मंदिर ट्रस्ट के लिए अत्यंत शर्मनाक स्थिति है, कोई भी सफाई देने के लिए सामने नहीं आना चाहता है. न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है, क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है. सरकार की चुप्पी संदिग्ध है.