लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा पर शिक्षा को लेकर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थी विरोधी है. स्कूलबंद करवाने वाले भाजपाई और उनके संगी-साथी यूनिवर्सिटी बनाने वालों के खिलाफ ईडी की छापेमारी कर रहे हैं, जिससे कि उनके 1-2 फीसदी बचे हुए साम्प्रदायिक संकीर्ण सोच के कुतर्की समर्थकों को संतुष्ट कर पाएं, जबकि उन भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, जो तमाम आपराधिक कांडों में संलिप्त हैं.
इसे भी पढ़ें- जांच में खेला हो गया! चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को ‘क्लीन चिट’ दिए जाने पर भड़के संजय सिंह, सवाल उठाते हुए दे डाली बड़ी चेतावनी
आगे अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार में राम मंदिर के चोर, सत्ता सजातीय अपराधी, कोडीन कांडी, भाजपाकाल निर्मित बदहाल बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, भाजपाकाल निर्मित हिचकोले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, भाजपाकाल निर्मित गड्ढायुक्त कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, दरारी ग्रीन कॉरीडोर, खटपट सड़कें, गिरते पुल, ढहती टंकियां, टपकती छतें, स्टेशन की दीवार, भाजपा की सत्ता वाले दूसरे राज्यों तक में पकड़े जाने वाले भ्रष्ट पुलिसकर्मी, महाकुंभ में 1 लाख डकार गए भाजपाई ठेकेदार, स्मार्ट सिटी के नाम पर खरबों का खेल करने वाले भाजपाई, अस्वीकृत भूमि पर अवैध निर्माण करनेवाले भाजपाई जन प्रतिनिधि, दुर्व्यवहार और दुर्वचनों पर प्रचार की पुताई करके 7000 करोड़ रुपए में हिस्सा बांट करने वाले अधिकारी के खिलाफ ईडी की कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इन्हें सत्ता का संरक्षण है.
वहीं अखिलेश यादव ने ई-20 पेट्रोल को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने पूछा कि ई-20 पेट्रोल पर कौन सही है सरकार या सलाहकार? मिलावटी ई-20 पेट्रोल से खराब हुई गाड़ियों को खींचकर ले जाने वाले बाइक और कार मालिक पूछ रहे हैं कि सरकार कह रही है कि ई-20 में सब ठीक है, दूसरी तरफ सलाहकार कह रहे हैं कि यह गाड़ियों के लिए नुकसानदेह है तो सही क्या है, यह स्पष्ट कौन करेगा?
इसे भी पढ़ें- 27 के लिए सीट पर सियासतः अखिलेश के बयान पर आशीष पटेल का करारा तंज, जानिए सपा सुप्रीमो को लेकर ऐसा क्या कहा?
उन्होंने कहा कि बात-बात में सर्वे कराने वाली भाजपा सरकार आम जनता से सीधे संवाद करके क्यों नहीं पूछ लेती कि सच क्या है? अखिलेश यादव ने कहा कि ई-20 दुधारी तलवार है, जिसकी जनता पर दोहरी मार है. महंगा पेट्रोल भी और महंगा मेंटेनेंस भी. ई-20 पेट्रोल से गाड़ियों के खराब होने के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है. सरकार खुद मिलावटखोरी कर रही है और दबाव बनाकर ई-20 पेट्रोल बिकवा रही है. आम लोगों की शिकायत है कि इथेनॉल मिलाने से उनकी गाड़ी का मेंटेनेंस और माइलेज खराब हो रहा है.

