लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ लगातार साजिश करने में जुटी है. लोकतंत्र को खत्म करने के लिए तरह-तरह के हथकंड़े अपना रही है. मतदाता सूची के एसआईआर के बाद अब निर्वाचन आयोग फार्म-6 के जरिए भाजपा के मतदाताओं की संख्या बढ़ाने की साजिश कर रहा है. आधार कार्ड को वोटरलिस्ट से जोड़ा जाए. आधारकार्ड मेटल का बनाया जाए, जिससे उसका डुप्लीकेट न बन सके. आधार कार्ड को बायोमेट्रिक के जरिए मतदाता सूची से जोड़ा जाना चाहिए. इससे चुनावी धांधली और वोट चोरी पर रोक लगेगी.

इसे भी पढ़ें- ये क्या बात हुई विधायक जी..? BJP MLA के अजीब बोल, कहा- मेरा विरोध करना है तो करो, लेकिन जीत गया तो…

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची को लेकर सतर्क और सावधान रहना है. भाजपा फर्जी वोट बढ़वाने की कोशिश करेगी. फर्जी वोट बनने से रोकना है. उन्होंने कहा कि वोट चोरी को लेकर जनता आक्रोशित है, लेकिन निर्वाचन आयोग को कोई परवाह नहीं है. भाजपा माफियाओं का गैंग है. सत्ता के संरक्षण में पूरे प्रदेश में अराजकता फैला रही है. वोट चोरी, चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी करने वाली भाजपा को कोई लोकलाज नहीं है. वह जनता का वोट का अधिकार छीनकर लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है. भाजपा सत्ता का दुरूपयोग कर रही है. सत्ता के संरक्षण में रैलियां, पदयात्रा निकाल कर अराजकता पैदा कर रही है.

इसे भी पढ़ें- मुश्किल में धीरेंद्र शास्त्री! आगरा कोर्ट में मानहानि का केस, कृष्ण को बताया था ‘टेढ़ा’

आगे उन्होंने कहा कि भाजपा की अराजकता से व्यापारी, छात्र, आम जनता सभी परेशान है. भाजपा ने पूरी व्यवस्था चौपट कर दी है. उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है. भाजपा जनता का भरोसा खो चुकी है. जनता भाजपा के झूठ, लूट और बेईमानी को समझ गई है. वह भाजपा पर भरोसा नहीं कर रही है. जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है. 2027 में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार ला रही है. समाजवादी पार्टी की सरकार आयेगी तभी लोकतंत्र, संविधान और जनता का वोट का अधिकार बचेगा. समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी जनता के भरोसे पर खरा उतरने की है. समाजवादी पार्टी की सरकार में सभी को सम्मान और न्याय मिलेगा. किसानों को फसलों का सही मूल्य मिलेगा. नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा. सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी.