लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गैंग है. भाजपा सरकार में जुल्म-ज्यादती की पराकाष्ठा हो गई है. भाजपा सत्ता के दुरुपयोग को अपना अधिकार समझती है. भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की लूट भाजपा का मुख्य एजेण्डा है. इस सरकार में निर्दोषों को सताया जा रहा है. पीडीए समाज का उत्पीड़न हो रहा है. फर्जी एनकाउण्टर हो रहे हैं. अपराधियों, भ्रष्टाचारियों को सत्ता का संरक्षण है. कानून व्यवस्था ध्वस्त है. प्रदेश में हर दिन हत्या, लूट की घटनाएं हो रही है. बहन, बेटियां, महिलाएं सुरक्षित नहीं है. दिन दहाड़े अपराध की घटनाएं हो रही हैं. भाजपा सरकार का जीरों टॉलरेंस का दावा झूठ है.
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी, चंदा चोरी और राम धन की लूट को गंभीरता से नहीं लिया. सरकार ने चढ़ावा, चोरी में शामिल बड़े लोगों को बचाने का काम किया है. उसने जनता के भरोसे को तोड़ा है. चोरी और लूट करने वालों को संरक्षण दिया है. भाजपा षडयंत्रकारी पार्टी है. भाजपा के षड्यंत्र को समाजवादी पार्टी ही विफल कर सकती है. समाजवादी पार्टी के ही पास भाजपा के षड्यंत्र को विफल करने की ताकत है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी! कांग्रेस का भाव चवन्नी, अठन्नी या रुपईया? ओपी राजभर ने किया पलटवार, राहुल गांधी से डरने की बात कहकर सीटों को लेकर भी किया बड़ा दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के कुशासन से किसान, नौजवान, गरीब, मध्यम वर्ग, मजदूर, व्यापारी प्रदेश की 90 फीसदी जनता त्रस्त है. भ्रष्टाचार कमीशनखोरी, महंगाई चरम पर है. भाजपा, समाजवादी पार्टी को बदनाम करने से बाज नहीं आ रही है. मोहम्मद आजम खां साहब के खिलाफ भाजपा साजिश कर रही है. पीडीए समाज भाजपा को हटाने के लिए सौ फीसदी निर्णय कर चुका है. इसलिए भी भाजपा पीडीए समाज का उत्पीड़न कर रही है. संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग कर रही है.
अखिलेश यादव ने कहा कि बाढ़ और जल भराव से प्रयागराज के हालात गंभीर हैं. कोई और हो तो प्रयागराज के विकास के नाम पर एक लाख करोड़ डकार जाने के बाद, वहां के हजारों घरों का जलमग्न हाल देखकर शर्मिंदगी से सत्ता ही छोड़ दे. महाकुंभ के नाम पर जो एक लाख करोड़ रुपये प्रयागराज के तथाकथित स्मार्ट डेवलपमेंट के नाम पर खर्च किए गए थे, वह महा भ्रष्टाचार बहता-बहाता दिखाई दे रहा है. नाम बदलने से कुछ नहीं होता, सरकार अपना भ्रष्ट काम और नीयत बदले, लेकिन अब वो भी नहीं बदलेगी, इसीलिए अब उत्तर प्रदेश और देश की जनता ‘भाजपा सरकार’ को ही हमेशा के लिए बदल देगी. भाजपा जाएगी फिर कभी नहीं आएगी.
इसे भी पढ़ें- खाकी खा गई गच्चाः कानून व्यवस्था की उड़ी धज्जियां, पुलिस को चकमा देकर लॉकअप से कैदी फरार, कहां खाक छान रहे थे कानून के रखवाले?
अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि बाढ़ के हवा-हवाई सर्वे से काम नहीं चलेगा अगर हिम्मत है तो सरकार सड़कों पर उतरकर जनता का सामना करे. जो 7-8 हजार करोड़ लिखा-पढ़ी में और जो बीसों हजार करोड़ बिना लिखा-पढ़ी के अपने छवि निर्माण में, अपने को दिव्य दिखाने के लिए द्रव्य के रूप में बहाये हैं, उनसे कितनी छवि बनी है, उसका सच पता चल जाएगा. भाजपाइयों ने सोचा नहीं था कि उनके महापाप की पोल कभी धार्मिक रूप से खुलेगी तो कभी प्राकृतिक रूप से. पाप की सजा इसी धरती पर मिलती है. जनता भाजपा से पूरी तरह परेशान हो चुकी है. 2027 में भाजपा का सत्ता से बाहर जाना तय हैं. जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में है. समाजवादी पार्टी की सरकार में सभी को न्याय मिलेगा. सबको सम्मान और हक मिलेगा.

