लखनऊ. जैसे-जैसे यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे प्रदेश का सियासी पारा गरमाता जा रहा है. फिर चाहे पक्ष हो या विपक्ष दोनों एक-दूसरे पर बयानों के जरिए हमलावर हैं. इन सबके बीच करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह का बयान सामने आया है, जिसमें वे योगी सरकार को चुनौती देते दिखाई दे रहे हैं और योगी सरकार में मंत्री सुभसपा सुप्रीमो को नालायक बता रहे हैं, जिसका वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंज कसा है.
इसे भी पढ़ें- राम मंदिर को लेकर अखिलेश ने उठाए सवाल, सुब्रत पाठक ने किया पलटवार, कहा- उनकी आस्था राम मंदिर में है या बाबरी मस्जिद में
अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा सरकार के मंत्रियों का ये ‘मानमर्दन’. सुनने में कटु लगे जैसे ‘मुख्य-मुख’ के वचन. मुख्यमंत्री जी पता करके बताएं जनमानस में आक्रोश का विषय बना ये वीडियो AI जेनरेटेड है या सत्य है. अगर ये सत्य है तो जवाब आपको ही देना होगा, क्योंकि मंत्रियों का चयन तो आपने ही किया है. ये आपको चुनौती है मंत्रियों को नहीं, लेकिन आपके इन विशेष मंत्रियों के नामों की भी पर्ची अगर ऊपर से ही आई थी तो आप ये वीडियो ऊपर भी भेज सकते हैं. बच नहीं सकते, हर हाल में जवाब तो देना ही पड़ेगा क्योंकि ये दो समाज के मान-सम्मान का सवाल बन गया है.
इसे भी पढ़ें- ‘PDA की माला जपने वाले नेता राजभर समाज के मुद्दों पर मौन क्यों हैं?’
आगे अखिलेश यादव ने कहा, अगर कहने वालों ने किसी एक व्यक्ति विशेष का नाम लिया होता तो बाद दूसरी थी परंतु एक ‘समाज विशेष’ और एक ‘दल विशेष’ का नाम लेकर दो बड़े समाजों के मान को सरेआम ठेस पहुंचाई गई है. इन दलों के नेताओं को भी आगे आकर बोलना चाहिए. अगर उन दोनों समाज के मंत्री बने नेताओं ने कुछ नहीं किया तो मान लिया जाएगा कि उन्हें व्यक्तिगत स्तर पर अपना मंत्री पद ज़्यादा प्यारा है, अपने समाज का मान-सम्मान नहीं. घोर आपत्तिजनक व निंदनीय!

