लखनऊ. डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है. केशव मौर्य ने कहा, सत्ता-वियोग की पीड़ा में कांग्रेस के नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का राजनीतिक विवेक डगमगा गया है. जनसेवा से अधिक थाने के बाहर तमाशा और कैमरों के सामने नौटंकी ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है. कांग्रेस यह भूल गई है कि सहानुभूति का अभिनय करके जनादेश नहीं मिला करता. छात्रों-किसानों के आंदोलनों की आड़ लेकर अपनी बुझती राजनीति को दोबारा रोशन नहीं किया जा सकता. कांग्रेस शासित राज्यों में उसकी उल्टी गिनती चल रही है. जिन राज्यों में वह सत्ता से बाहर है, वहां वापसी का रास्ता स्थायी रूप से बंद है.

इसे भी पढ़ें- पहले मीठी बातें, फिर प्राइवेट वीडियो और अंत में ₹5 लाख की डिमांड! ‘लुटेरी दुल्हन’ का डर्टी हनीट्रैप जानकर उड़ जाएंगे होश

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सशक्त नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा एवं राजग की डबल इंजन सरकारें विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को लेकर गतिमान हैं. कांग्रेस और उनके छुटभैया दल जितनी बार देशविरोधी शक्तियों के एजेंडे को आंदोलन का मुखौटा पहनाकर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे, जनता उतनी ही मजबूती से उसका राजनीतिक तरीक़े से जवाब देगी.

इसे भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ जी! यह पुलिसिंग नहीं, बल्कि…किसान नेता और जाटव नेता की पिटाई पर भड़के सांसद, कानून पर सवाल खड़ा करते हुए कर दी बड़ी मांग

केशव मौर्य ने ये भी कहा कि यही गति और यही नकारात्मक राजनीति जारी रही तो 2047 में विकसित भारत का संकल्प साकार होने पर कांग्रेस न केवल सत्ता से बहुत दूर होगी, बल्कि नेता प्रतिपक्ष का पद भी हाथ से जाता रहेगा जो बहुत मुश्किल से मिला है. कांग्रेस को अब यह कड़वी सच्चाई स्वीकार कर लेना चाहिए कि भारत की जनता भाजपा के साथ थी, भाजपा के साथ है और राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में भाजपा के साथ ही रहेगी और वह हाथ मलती रह जाएगी.