झांसी. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मजबूत बूथ संरचना और कुशल बूथ प्रबंधन ही चुनावी विजय की सबसे बड़ी कुंजी है. उन्होंने भरोसा जताया कि बूथ अध्यक्षों और बूथ समितियों के समर्पित परिश्रम से भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी.

इसे भी पढ़ें- भगवान के दानपात्र तक को नहीं छोड़ा! अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, गंभीर आरोप लगाते हुए दिया बड़ा बयान

बुधवार को झांसी जिला और महानगर के बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उनकी सक्रियता, निरंतरता और लक्ष्य आधारित कार्यशैली प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाती है, जिसका सीधा असर चुनावी परिणामों पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठन के सभी कार्यक्रम और अभियान प्रभावी ढंग से संपन्न हों, इसके लिए बूथ समिति को पूरी तरह सक्रिय करना होगा और प्रत्येक पदाधिकारी और सदस्य को उसकी क्षमता के अनुरूप जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए.

उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाए. “मेरा बूथ सबसे मजबूत” के संकल्प के साथ बूथ अध्यक्षों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण भी बनाया जाए. साथ ही नए कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पार्टी से जोड़ने तथा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान लगातार चलाया जाए.

इसे भी पढ़ें- चोरी छिपाएंगे या जांच कराएंगे? राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर अजय राय ने PM मोदी को लिखा पत्र, कर दी बड़ी मांग

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ सतत संवाद, संपर्क और सेवा कार्यों के माध्यम से बूथों को और अधिक सशक्त बनाया जाए. उन्होंने बूथ अध्यक्षों से संगठन द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ लागू करने का आह्वान किया.