लखनऊ. देश की राजनीति में इन दिनों दल-बदल का सिलसिला जारी है, जो विपक्षी दलों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है. विपक्षी दलों के सांसद अपना दल छोड़कर भाजपा के पाले में जा रहे हैं. ऐसे में तमाम विपक्षी दल के नेता भाजपा पर लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगा रहे हैं. विपक्षी दलों का दावा है कि बीजेपी पैसा और पद देने का लालच देकर पार्टियों में तोड़-फोड़ कर रही है. जिसे लेकर डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बड़ा बयान सामने आया. उन्होंने इंडिया गठबंधन पर करारा हमला बोला है.
इसे भी पढ़ें- UP में इलाज के नाम पर मजाक चल रहा! बच्ची का टूटा था दाएं हाथ, बाएं हाथ में बांध दिया प्लास्टर, भगवान भरोसे सरकारी अस्पताल
केशव मौर्य ने कहा, अपनी नाकामियों पर पर्दा डालकर भाजपा और उसके नेतृत्व पर आरोप लगाना आज विपक्ष का सुविधाजनक बहाना बन चुका है. कड़वी सच्चाई यह है कि ‘परिवारवादी राजनीति’ से आजिज आकर इन दलों के सांसद और विधायक अपने ‘अंधकारमय भविष्य’ का अंदाज़ा लगाकर स्वाभाविक रूप से सुरक्षित राजनीतिक ठिकाना तलाशने की जुगत भिड़ाने लगते हैं. ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना में लगातार टूट, पलायन और पार्टी नेतृत्व पर ‘घटते भरोसे’ की कहानी है.
इसे भी पढ़ें- कांग्रेस आज भी ‘परिवारवादी तिकड़ी’ के…केशव मौर्य ने गांधी परिवार पर साधा निशाना, मोदी की नीतियों को लेकर दिया बड़ा बयान
केशव मौर्य ने ये भी कहा कि यही हाल राहुल गांधी के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन का भी है, जो एकता का दावा तो ऐसा करता है कि फेवीकोल का जोड़ भी शरमा जाए, लेकिन भीतर से वह ‘तार-तार’ है. अपनी राजनीतिक नाकामियों, नेतृत्व संकट और संगठनात्मक कमजोरी पर आत्ममंथन करने के बजाय हर बात के लिए भाजपा पर दोष मढ़ना आज विपक्ष का प्रिय शगल बन चुका है, जबकि जनता साफ देख रही है कि समस्या भाजपा नहीं, बल्कि विपक्ष की अपनी विफलताएं हैं.

