सतीश सिंह, लखनऊ. परिषदीय विद्यालयों में करोड़ों रुपये की लागत से लगी स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड और आईसीटी लैब अब केवल शोपीस बनकर नहीं रहेंगी. योगी सरकार ने इन्हें रोजमर्रा की पढ़ाई का हिस्सा बनाने के लिए राज्यव्यापी प्रशिक्षण अभियान शुरू किया है. इसके तहत उत्तर प्रदेश के हर विकासखंड में ‘मास्टर ट्रेनर’ तैयार किए जाएंगे, जो हजारों शिक्षकों को तकनीक आधारित शिक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे.

समग्र शिक्षा अभियान के तहत शुरू किए गए इस अभियान का लक्ष्य 30 अगस्त तक प्रदेश के सभी ब्लॉकों में प्रशिक्षण पूरा करना है. इसके लिए महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. राज्य स्तर पर मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण दो चरणों में पूरा किया गया. पहला चरण 27 से 29 जुलाई और दूसरा 4 से 6 अगस्त तक आयोजित हुआ. अब यही प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विकासखंडों में अधिकतम 50-50 शिक्षकों के बैच को दो दिवसीय प्रशिक्षण देंगे.

इसे भी पढ़ें- काम कम, विज्ञापन भरपूर करेंगे! योगी सरकार प्रचार में हर दिन उड़ाए 2.3 करोड़, 8 साल में पानी की तरह बहाया जनता का पैसा, अखिलेश यादव ने साधा निशाना

इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, इंटरैक्टिव डिजिटल बोर्ड, प्रोजेक्टर, कंप्यूटर और ई-कंटेंट के प्रभावी उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी. साथ ही यह भी सिखाया जाएगा कि तकनीक की मदद से गणित, विज्ञान, भाषा और अन्य विषयों को बच्चों के लिए अधिक रोचक, दृश्यात्मक और सहभागितापूर्ण कैसे बनाया जाए. इसी उद्देश्य से प्रशिक्षण में एनबीडीआईयूपी (NBDIUP) पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल मैनुअल, इंस्टॉलेशन वीडियो और संचालन संबंधी ट्यूटोरियल का भी उपयोग कराया जाएगा.

इस अभियान की खास बात यह है कि इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी होगी. प्रत्येक शिक्षक का प्री-टेस्ट और पोस्ट-टेस्ट लिया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण के प्रभाव का आकलन किया जा सके. प्रशिक्षण की निगरानी राज्य परियोजना कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक संयुक्त रूप से करेंगे. साथ ही फीडबैक और एस्केलेशन मैट्रिक्स के जरिए तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें- PDA से हारने वाले सुन लें, PDA में PD मतलब ‘पंडित’ है… अखिलेश यादव का बड़ा बयान, सरकार को घेरते हुए कही बड़ी बात

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल स्मार्ट क्लास स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक शिक्षक को डिजिटल शिक्षण में दक्ष बनाना है. जब शिक्षक तकनीक का प्रभावी उपयोग करेंगे, तभी विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सहभागितापूर्ण शिक्षा पहुंच सकेगी.