लखनऊ. प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मोबाइल हेल्थ यूनिट्स की शुरुआत की गई है. शुक्रवार को शहीद पथ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मातृ एवं शिशु रेफरल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने हिंदुजा मोबाइल हेल्थ यूनिट्स को फ्लैग ऑफ किया. इस अवसर पर उन्होंने ‘सेविंग लाइव्स एंड बिल्डिंग ए हेल्थियर भारत’ राष्ट्रीय अभियान का भी शुभारंभ किया.
इसे भी पढ़ें- दूध का दूध, पानी का पानी… राम मंदिर चढ़ावा चोरी एक बार फिर गरजे CM योगी, विपक्ष को घेरते हुए बोला तीखा हमला
स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश शासन और पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर व्यक्ति को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. मोबाइल हेल्थ यूनिट्स के जरिए उन क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, जहां लोगों को जांच और उपचार के लिए दूर स्थित अस्पतालों का रुख करना पड़ता है.
मोबाइल यूनिट्स में प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की पहचान और आवश्यक चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस रहेगा. गंभीर अथवा जटिल बीमारी के मामलों की पहचान होने पर मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- ‘सर पढ़ाइए… शिक्षक भेजिए…’ टीचर्स की कमी, तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे छात्र
कार्यक्रम में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की ओर से उत्तर प्रदेश में मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य कल्याण पहल का भी शुभारंभ किया गया. इसका उद्देश्य महिलाओं और किशोरों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों पर विशेष ध्यान देते हुए समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है.


