लखनऊ. आरक्षण को लेकर आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को खुली चेतावनी दी है कि आरक्षण के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, लंबे समय से संविधान प्रदत्त हिस्सेदारी की व्यवस्था यानी आरक्षण के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है. अब इसी मुहिम को “आरक्षण में सुधार” जैसे शब्दों की आड़ में आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है.
इसे भी पढ़ें- भाषा के बहाने बांट रही BJP! मुंबई के ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा अनिवार्य करने पर भड़के अखिलेश, घेरते हुए दिया बड़ा बयान
नगीना सांसद ने आगे कहा कि कान खोलकर सुन लो, आरक्षण कोई खैरात नहीं है. यह सदियों से सामाजिक भेदभाव और वंचना झेलते समाज को संविधान द्वारा दिया गया प्रतिनिधित्व का अधिकार है. भारत सरकार और लखनऊ दरबार में बैठे सत्ताधीशों, कान खोलकर सुन लो-आरक्षण व्यवस्था में किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आरक्षण पर हमला यानी सामाजिक न्याय पर हमला है और सामाजिक न्याय से समझौता आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) किसी भी कीमत पर नहीं करेगी.
आगे उन्होंने कहा कि हम यह भी देख रहे हैं कि इस पूरे माहौल को बनाने में मीडिया की बड़ी भूमिका है. हमारे हितों के विपरीत विचार रखने वाले लोगों को बार-बार बुलाकर एकतरफा माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है. लेकिन याद रखिए-हमारे सब्र का इतना इम्तिहान मत लीजिए. अगर हमारी आवाज को लगातार दबाने और नजरअंदाज करने की कोशिश की गई, तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी.
इसे भी पढ़ें- आरक्षण था, आरक्षण है, आरक्षण रहेगा! PDA के पक्ष में अखिलेश यादव का बड़ा बयान, BJP को घेरते हुए लगाए गंभीर आरोप
हम जानते हैं कि मेनस्ट्रीम मीडिया में हमारा पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है, लेकिन हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता. मीडिया को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर निष्पक्षता, संतुलन और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी होगी और आरक्षण का विरोध करने वालों को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) खुली बहस के लिए आमंत्रित करती है. अगर आपके पास आरक्षण के खिलाफ तर्क और तथ्य हैं, तो सामने आइए. बहस हो तर्क से, तथ्यों से और संविधान के दायरे में. जय भीम! जय भारत! जय मंडल! जय संविधान! जय आरक्षण!

