लखनऊ. करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह का बयान सामने आया था, जिसमें वे योगी सरकार को चुनौती देते दिखाई दिए और योगी सरकार में मंत्री सुभसपा सुप्रीमो को नालायक बताया. अब सूरजपाल के बयान पर मंत्री ओपी राजभर ने पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सूरजमल सिंह अम्मू जी, कथित करणी सेना के कथित नेता सूरजपाल सिंह अम्मू कौन है, हमें नहीं पता लेकिन इनका दर्द क्या है, ये सबको पता लग गया है. दर्द ये है कि ये विधायक बनना चाहते हैं, लेकिन बन नहीं पा रहे. बनेंगे कैसे? जब किसी का भला इन्होंने किया नहीं तो लोग इनको क्यों अपना मानेंगे?
आगे ओपी राजभर ने कहा, ये अम्मू क्षत्रियों के नेता बनने के लिए घूम रहे हैं. दावा है कि इनको दूसरे समाज के लोग भी नेता मानते हैं. अरे अम्मू जी, सुनिए. दूसरों को गाली देकर आप नेता नहीं बन सकते. अपनों के लिए कुछ काम कीजिए. रही बात हमें नालायक़ होने की तो ये जनता पर छोड़ दीजिए. जिस इंसान ने पिछड़ो को आगे लाने के लिए अपनी ज़िंदगी दे दी, वो आपको नालायक़ लग रहा. लगेगा भी. जानते हैं क्यों? क्योंकि आप सामंती हैं.
इसे भी पढ़ें- चढ़ावे में चोरी करने वालों को कौन बचा रहा है? अखिलेश यादव का BJP सरकार पर हमला, सवाल खड़ा करते हुए पूछे तीखे सवाल
आगे उन्होंने कहा कि आपकी सामंती सोच, जो हम जैसे पिछड़ों को नदी और हैंडपंप से पानी नहीं भरने देती थी. वही सोच, जो हमारा छूआ दूर कर देती थी. वही सामंतवाद जो ख़ुद चारपाई पर बैठकर हमें नीचे बिठाता रहा है. वही सामंतवाद जो हमारे पाँव में चप्पल नहीं देख पता था. वही सामंतवाद जो हमारे कानों में शीशा पिघलाकर डाल देता था. वही सामंतवाद जो हमसे पढ़ने का हक़ छीन लेता था. सच्चा क्षत्रिय सबको साथ लेकर चलता है. आप तो उद्दंडी हैं, क्षत्रिय नहीं.
आगे ओपी राजभर ने कहा, अगर आप सच्चे क्षत्रिय होते तो इस भाषा का इस्तेमाल नहीं करते. सच्चा क्षत्रिय तन, मन और जुबान से फौलादी होता है. आपकी तो जुबान बता रही है कि आप क्षत्रिय वंश में पैदा होकर भी क्षत्रिय हैं नहीं. आपने कहा कि आप यूपी के विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेंगे. उतारिए, शौक से उतारिए. कोई रोकने वाला नहीं है. जनता को तय करना है कि लायक़ कौन है और कौन नालायक़ है. चुनाव के नतीजे आयेंगे तो जनता आपको बेहतर लायक़ और नालायक़ का फ़र्क़ समझा देगी.
इसे भी पढ़ें- ‘भाजपा ने हर वर्ग को धोखा दिया…’, अखिलेश ने बोला हमला, कहा- सरकार की आर्थिक नीतियों ने देश के सामने संकट पैदा किया
उन्होंने ये भी कहा कि भाई, हम तो पिछड़े हैं. आपके बराबर आने की कोशिश कर रहे हैं. बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने ये हक़ हमें दिया है. दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय की बात कहकर हम जैसे पिछड़ों को साथ लाने की सोच विकसित की. महाराजा सुहेलदेव ने पूरे समाज को अपने साथ जोड़कर राक्षस का अंत किया. हम उसी महाराजा सुहेलदेव के वंशज हैं. आपकी गाली से हम पर कोई असर नहीं पड़ने वाला.
आगे ओपी राजभर ने कहा कि राजभर लड़ाकू क़ौम है. हम अपना अधिकार लड़कर लेंगे. चाहते तो हम भी आपकी भाषा में जवाब देते लेकिन मेरी माता पिता ने हमें ये सिखाया नहीं हैं. हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ हम जुड़े हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के विज़न से हम जुड़े हैं. हमें आपके लायक़ और नालायक होने का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए. बाक़ी विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद आपसे बात करेंगे. जय भारत, जय सुहेलदेव.

