पीलीभीत. दीपावली मनाने के लिए उत्तराखंड से अपने घर लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक को शनिवार रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी. पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर अलियापुर मजार के पास हुए इस हादसे में बड़े भाई की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटे भाई की हालत नाजुक बनी हुई है. त्योहार के मौके पर युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में वनटांगिया परिवारों के साथ दिवाली मना रहे CM योगी, रविकिशन के ‘शीश महल’ पर ली चुटकी

बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गोबल पतिपुरा निवासी दिनेश कुमार (28) उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे. शनिवार रात वह अपने छोटे भाई विनय कुमार (20) के साथ बाइक से दिवाली मनाने गांव लौट रहे थे. रात करीब नौ बजे पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर अलियापुर मजार के समीप सामने से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने से दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे की सूचना मिलते ही जिरौनिया पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में उपचार के दौरान बड़े भाई दिनेश ने दम तोड़ दिया, वहीं छोटे भाई विनय का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है. चार भाइयों में दूसरे नंबर के दिनेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पत्नी दुर्गा का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि एक वर्षीय मासूम बेटे सचिन के सिर से पिता का साया उठ गया है.

इसे भी पढ़ें- कंकाल, कत्ल और कबूलनामा: 2 साल बाद DNA रिपोर्ट ने खोला कानपुर का सबसे बड़ा राज, DM कंपाउंड में गड़ी थी एकता

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में बीसलपुर के सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की तलाश की जा रही है. परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.