लखनऊ. बगैर किसी ताम झाम, शोर-शराबे के लखनऊ पहुंचे उत्तरप्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव जीतेगी. उन्होंने कहा कि NDA के कार्यकर्ता पूरी ताकत और एकजुटता के साथ आगामी चुनाव लड़ेंगे.

इसे भी पढ़ें- सहारनपुर की घटना से सियासी भूचाल! अखिलेश बोले- दूसरों के धर्म को ठेस पहुंचाने वाले ‘असली सनातनी’ नहीं

उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपने अपने हिसाब से संगठन व बूथ स्तर तक की समीक्षा कर रहे हैं. इसी क्रम में भाजपा के नवनियुक्त प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को लखनऊ पहुंचे. नवनियुक्त प्रभारी ने कहा कि एनडीए का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि एक बार फिर प्रदेश की जनता की सेवा के लिए अगले पांच वर्षों के लिए खुद को समर्पित करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया.

वहीं समाजवादी पार्टी के पीडीए के नारे पर भी तावड़े ने हमला बोला. उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब पराया धन अपना है. उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में एनडीए कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर इस राजनीतिक नैरेटिव को जवाब दिया जाएगा. इस मौके पर भाजपा के नवनियुक्त सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें- जो स्कूल BJP सरकार ने बंद किए हैं… अखिलेश यादव का बड़ा बयान, PDA का जिक्र कर शिक्षा को लेकर कह दी बड़ी बात

तावड़े दो दिवसीय लखनऊ दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा 2027 के चुनावी रोडमैप पर चर्चा करेंगे.