गोंडा। जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां, मोतीगंज इलाके में तेज रफ्तार पिकअप और बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि टक्कर में बाइक सवार 2 लोगों की मौत हो गई। घटना से इलाके में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

दोनों युवकों की मौके पर मौत

यह पूरा मामला जिले के दर्जीकुआं-मनकापुर रोड के काजी देवर का है। जहां एक मनकापुर जा रहे एक पिकअप वाहन औऱ गोंडा जा रही उनकी मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी खतरनाक थी कि हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जानें की तैयारी चल रही थी लेकिन मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

READ MORE: आजम खान को बड़ा झटका, ये तनखइया… वाले बयान में दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई 2 साल की सजा

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान अंकित और राम अवतार के रूप में हुई है। दोनों टाइल्स लगाकर अपने घर-परिवार का भरण पोषण करते थे। मोतीगंज थाना अध्यक्ष व प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों युवक पिछले कई दिनों से इसी तरह प्रतिदिन मोटरसाइकिल से गोंडा टाइल्स लगाने जाते थे और देर रात घर लौटते थे। पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पूरे मामले की छानबीन जारी है।