रायबरेली. बछरावां थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बुधवार को घरेलू विवाद के चलते एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि उसके पति रामनाथ ने खेत की ओर जा रही पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया. महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी ने धमकी भरे अंदाज में खुद…PDA को लेकर CM योगी के बयान पर अखिलेश का हमला, दी माला बनाकर जाप करने की सलाह
जानकारी के मुताबिक, विद्यावती का मायका बलईमऊ गांव में था. पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी वजह से दोनों करीब पांच साल से अलग-अलग घरों में रह रहे थे. विद्यावती अपने दो बेटों रामबहादुर और भैयालाल सहित बेटियों के साथ हसनपुर में रहती थीं, जबकि रामनाथ भी पास में ही अलग मकान में रहता था.
वहीं बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे विद्यावती रोज की तरह खेत की तरफ जा रही थीं. इसी दौरान रामनाथ ने उन्हें रास्ते में रोककर डंडे से हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने महिला पर लगातार करीब 10 बार डंडे से वार किए. हमले में विद्यावती के सिर में गंभीर चोट लगी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गईं. कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें- किसी की मौत का इंतजार है! भारी बारिश के कारण खुले नाले में घुसा ऑटो, मचा हड़कंप, कागजों में कब तक दौड़ेगा विकास?
घटना की सूचना मिलते ही बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका के भाई सरवन की शिकायत पर पुलिस ने रामनाथ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने गुनाह कबूल कर लिया है. पुलिस अब हत्या के पीछे रहे विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

