रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता दिनेश प्रताप सिंह ने विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी और अन्य सांसदों पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए हालिया घटनाक्रम को लोकतंत्र के लिए एक ‘काला अध्याय’ बताते हुए कहा कि जनता सांसदों को विकास के लिए चुनती है, सड़क पर ‘नौटंकी’ करने के लिए नहीं.
इसे भी पढ़ें- राजनीति के लिए राम जरूरी! चंदा चोरी और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने फिर खड़े किए तीखे सवाल, जानिए ऐसा क्या कहा?
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि परीक्षार्थियों और शिक्षार्थियों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करने का संवैधानिक हक है, लेकिन विपक्षी सांसदों ने जिस तरह वहां जाकर मंच साझा किया, वह निंदनीय है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता ने सांसदों को अपने क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठाने के लिए चुना है या फिर जंतर-मंतर पर जाकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए? सिंह ने इसे जनता के भरोसे के साथ खिलवाड़ बताया.
मंत्री जी ने ये भी कहा कि जिस मंच पर देश के चुने हुए जनप्रतिनिधि बैठे हों, वहां से देश के प्रधानमंत्री की दिवंगत माता जी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया जाना बेहद शर्मनाक है. उन्होंने कहा, यह अपमान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे देश का है. सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट और महिला पत्रकारों को जिस तरह लज्जित होना पड़ा, उससे साफ है कि इस पूरे नाटक में कहीं न कहीं विपक्षी सांसदों की भी शह रही होगी.
इसे भी पढ़ें- अराजक तत्वों को ‘इलाज’ की जरूरत! योगी सरकार और बिहार सरकार के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, VIDEO वायरल
उन्होंने ये भी कहा कि विपक्ष चाहे जितने भी पैंतरे बदल ले, उत्तर प्रदेश में उनकी कोई भी ‘नाटक-नौटंकी’ चलने वाली नहीं है. प्रदेश सरकार जनता की आशाओं के अनुरूप काम करती रहेगी और विकास की राह में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा.


