रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी ने महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को बदलने, व्यवस्था में सुधार लाने और युवाओं को बेहतर अवसर देने की बात तो अक्सर होती है, लेकिन अब जनता को यह तय करना होगा कि बदलाव की शुरुआत आखिर कहां से होगी.

इसे भी पढ़ें- आधी आबादी को मिलेगा पूरा अधिकार! सपा सरकार आने पर महिलाओं को 40 हजार देगी सपा, सम्मान और सुरक्षा को लेकर अखिलेश ने कही बड़ी बात

राहुल लोधी ने कहा कि भाजपा सरकार के दौर में महंगाई, शिक्षा, रोजगार, भ्रष्टाचार और आम आदमी की परेशानियां गंभीर मुद्दे बनकर सामने हैं. उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने पर कुछ दिनों तक चर्चा होती है और फिर लोग परिस्थितियों के साथ समझौता करने लगते हैं. शिक्षा का बोझ बढ़ता है तो अभिभावक अपने बच्चों के लिए किसी तरह रास्ता तलाशते हैं और रोजगार की तलाश में भटक रहे युवाओं को ‘समय आने पर सब ठीक हो जाएगा’ कहकर समझा दिया जाता है.

उन्होंने सवाल उठाया कि जब समाज का हर वर्ग परेशान है, तो सरकार से सवाल पूछने वाला कौन होगा? राहुल लोधी ने भाजपा सरकार के ‘डबल इंजन’ के दावे पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि जनता को नारों और घोषणाओं के बजाय अपने जीवन में वास्तविक बदलाव और राहत चाहिए. लोकतंत्र में केवल वोट देना ही जनता की जिम्मेदारी नहीं है. अपने अधिकारों, बच्चों के भविष्य, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की समस्याओं को लेकर सरकार से सवाल करना भी नागरिकों की जिम्मेदारी है.

इसे भी पढ़ें- विरोध तो चंपत राय का था, पुलिस क्यों बिफरी..? संतों की बैठक से पहले झड़प, ट्रस्ट से मिलीभगत का आरोप

उन्होंने कहा कि सरकार कोई भी हो, पार्टी कोई भी हो और नेता कोई भी हो, जनता के सवाल सबसे ऊपर होने चाहिए. आम जनता अब अपने और अपने बच्चों के भविष्य को लेकर पहले से अधिक गंभीर है. उन्होंने दावा किया कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपने अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी.