रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने रायबरेली में सपा छात्र सभा के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पीडीए समाज पर किया गया यह प्रहार बेहद अपमानजनक और निंदनीय है. अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की पुलिस के कथित दमन के बावजूद सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता छात्रों के बीच जागरुकता फैलाने में पूरी तरह सफल रहे. उन्होंने छात्र सभा के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि दबाव, डर और कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद रखी और छात्रों को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया.
इसे भी पढ़ें- शर्म आनी चाहिए योगी सरकार को! खराब रास्ते को लेकर बीजेपी MLA के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने बेरहमी से पीटा, शायद यही सुशसान है?
पुलिस की हिंसक प्रवृत्ति सामने आई
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि रायबरेली की घटना ने भाजपा सरकार की पुलिस की कथित हिंसक प्रवृत्ति को उजागर कर दिया है. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों और युवाओं को दबाने का प्रयास सरकार की असफलता और असहिष्णुता को दर्शाता है. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि छात्र अपने अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय की बात भी नहीं रख सकते, तो लोकतंत्र में उनकी आवाज कहां सुनी जाएगी.
दमन से बढ़ी पीडीए समाज की एकजुटता
अखिलेश यादव ने कहा कि रायबरेली की घटना के बाद पीडीए समाज में नई चेतना और राजनीतिक जागरुकता पैदा हुई है. उनके मुताबिक, दबाने की हर कोशिश समाज के कमजोर, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को और अधिक एकजुट कर रही है. उन्होंने कहा कि पीडीए समाज अब अपने अधिकार, सम्मान, भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर जागरूक हो चुका है. किसी भी वर्ग की आवाज दबाने से उसका संघर्ष खत्म नहीं होता, बल्कि आंदोलन और मजबूत होता है.
इसे भी पढ़ें- BJP के लोग चुंगीजीवी हैं, जो अर्थव्यवस्था को… UPI पेमेंट पर टैक्स को लेकर अखिलेश ने साधा निशाना, नौकरी-रोजगार पर कही बड़ी बात
अब पीडीए समाज बनाएगा अपनी सरकार
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए समाज को अपने भविष्य का फैसला खुद करना होगा. उन्होंने दावा किया कि जब पीडीए समाज अपनी सरकार बनाएगा, तभी व्यवस्था में वास्तविक बदलाव आएगा और सामाजिक न्याय को मजबूती मिलेगी. उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं, छात्रों और युवाओं से गांव-गांव तथा कॉलेज-कॉलेज जाकर लोगों को जागरुक करने की अपील की. अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की कथित दमनकारी कार्रवाई से समाजवादी कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा.



