रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. जिले के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को दिशा समिति की बैठक में जिले की टूटी सड़कों का मुद्दा उठाया. उन्होंने सड़कों की तस्वीरें दिखाकर जिलाधिकारी से पूछा कि इनकी हालत सुधारने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है.
राहुल गांधी सुबह करीब 11:30 बजे भुएमऊ गेस्ट हाउस से बचत भवन पहुंचे. यहां जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. बैठक में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय, स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, सलोन विधायक अशोक कोरी, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, जिलाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें- जेल या जहन्नुम, दो में से एक चुनना होगा…CM योगी का बड़ा बयान, जानिए मंच से आखिर मुख्यमंत्री ने ऐसा क्यों कहा?
बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई. इसी दौरान राहुल गांधी ने अपनी फाइल से सड़कों की तस्वीरें निकालकर अधिकारियों को दिखाईं. उन्होंने जिलाधिकारी से पूछा कि इन सड़कों की मरम्मत के लिए प्रशासन ने क्या कदम उठाए हैं.
जिलाधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण जिले की कई सड़कें खराब हुई हैं. कुछ सड़कों की मरम्मत कराई जा चुकी है. वहीं, अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों का लोक निर्माण विभाग के अधिकारी निरीक्षण कर रहे हैं. जल्द ही इन पर भी जरूरी काम कराया जाएगा. दिशा समिति की बैठक करीब तीन घंटे तक चली. इसमें जिले के विकास कार्यों और अलग-अलग विभागों की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. बैठक समाप्त होने के बाद राहुल गांधी दिल्ली रवाना हो गए.
इसे भी पढ़ें- जब समस्याएं जस की तस तो… दिशा की बैठक से पहले सपा विधायकों का प्रदर्शन, बदहाल व्यवस्था को लेकर सरकार और सिस्टम पर उठाए सवाल
बैठक के बाद सलोन से भाजपा विधायक अशोक कोरी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बैठक के लिए ठीक से तैयारी नहीं की थी. उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं था, इसलिए वह टूटी सड़कों की तस्वीरें लेकर बैठक में पहुंच गए. अशोक कोरी ने कहा कि इस बार जिले में काफी बारिश हुई है, जिससे कई सड़कें खराब हुई हैं. उन्होंने दावा किया कि सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है. अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों पर लोक निर्माण विभाग काम कर रहा है.



