लखनऊ। लखनऊ में सोमवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में 4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

कार्यक्रम में 63 किलोमीटर लंबे और 4,200 करोड़ की लागत से बने कानपुर-लखनऊ छह लेन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-731 (पैकेज-4) के 32 किलोमीटर लंबे चार लेन मार्ग, जिसकी लागत 541 करोड़ है, का भी उद्घाटन होगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर ₹109 करोड़ की लागत से बनने वाले एक किलोमीटर लंबे चार लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास भी किया जाएगा।

READ MORE: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: प्रमोद तिवारी ने BJP पर बोला हमला, कहा- असली दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है

दोपहर 1 बजे से रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

कार्यक्रम को देखते हुए लखनऊ यातायात पुलिस ने सोमवार दोपहर 1 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान जुनाबगंज तिराहा, बंथरा बाजार, दरोगाखेड़ा, स्कूटर इंडिया, गौरी बाजार, किसान पथ, बिजनौर अंडरपास, नादरगंज तिराहा और सैनिक स्कूल के आसपास भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

READ MORE: फखरपुर के जोगिन पुरवा में जहरीले सांप के काटने से 60 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

हालांकि, एंबुलेंस, शव वाहन, फायर ब्रिगेड और स्कूली वाहनों जैसी आवश्यक सेवाओं को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्ग से भी पुलिस की निगरानी में आवागमन की अनुमति दी जाएगी।