सुल्तानपुर. जनपद कादीपुर क्षेत्र में तालाब में नहाने गए 5 बच्चों के डूबने की दर्दनाक घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों का इलाज चल रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने, पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कादीपुर क्षेत्र के पाकड़पुर गांव के कुछ बच्चे तालाब में नहाने गए थे. नहाते समय सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य करते हुए पांचों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला और गंभीर हालत में करौंदी कला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

इसे भी पढ़ें- सपा सरकार का हाल भूल गए क्या अखिलेश जी? OP राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, पेपर लीक प्रदर्शन को लेकर लगाए गंभीर आरोप

डॉक्टरों ने जांच के बाद इस्लाम के पुत्र राज (12) और रियाज (9) को मृत घोषित कर दिया. वहीं आशिया बानो, अंश और अंशु का उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, तीनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है. मृतक राज और रियाज सगे भाई थे. एक साथ दो बेटों की मौत से पिता इस्लाम और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतकों की बहन आशिया की हालत भी नाजुक बताई जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों को बच्चों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए. प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें- ‘नो’ रिस्क के मूड में BJP: बूथ स्तर पर खुद को मजबूत करेगी भाजपा, जानिए 27 की सत्ता हासिल करने का ‘मास्टरप्लान’?

वहीं, कादीपुर के उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने देर शाम घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि यह अपूर्णनीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है. एसडीएम ने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है. शासन की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.