लखनऊ. सुभसपा सुप्रीमो ओपी राजभर लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर हैं. एक बार फिर उन्होंने तंज कसा है. ओपी राजभर ने कहा कि मित्र अखिलेश जी, आप कहां चले गए पेपर लीक पर प्रदर्शन करने और झुट्ठो गिरफ्तारी कराने महाराज. आपकी अपनी सपा सरकार का हाल आपको याद है भी या भूल गए? आपके राज में स्कूलों में खुलेआम नकल होती थी, परीक्षा को धंधा बना लिया गया था. आपकी सरकार में हाईस्कूल और 12वीं के प्रश्न पत्र पैसों पर बेच दिए जाते थे. फर्ज़ी सर्टिफिकेट बनाए जाते थे. आपके राज में भ्रष्टाचार का आलम ऐसा था कि यादव और मुस्लिम के अलावा किसी और को नौकरी नहीं मिलती थी.
इसे भी पढ़ें- ‘नो’ रिस्क के मूड में BJP: बूथ स्तर पर खुद को मजबूत करेगी भाजपा, जानिए 27 की सत्ता हासिल करने का ‘मास्टरप्लान’?
आगे ओपी राजभर ने कहा कि पूरे प्रदेश को आज भी याद है कि सरकारी नौकरी की गाइड लाइन जारी होते ही कैसे चचा-भतीजा वसूली के लिए बोरा लेकर निकल जाते थे. याद कीजिए आपकी सरकार में क्या था शिक्षा का हाल? इतिहास उठाकर देख लीजिए. ‘हाऊ कैन यू रोक…’ वाले धर्मेंद्र यादव इलाहाबाद विश्वविद्यालय में लॉ करने लगते हैं. मैं गारंटी से कह सकता हूं कि धर्मेंद्र यादव की क्षमता नहीं है कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा पास भी कर लें.
इसे भी पढ़ें- बीजेपी’राज’ में विरोध गुनाह है! राहुल-प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने से भड़के कांग्रेसी, सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर बोला तीखा हमला
ओपी राजभर ने ये भी कहा कि इसलिए कह रहा हूं मित्र कि शिक्षा पर आप जैसे लोगों को बोलने का कोई अधिकार नहीं है. मैं गारंटी दे रहा हूं कि आप लोग आंदोलन को लेकर या छात्रों को लेकर कतई ईमानदार नहीं हैं. आप लोग छात्रों-युवाओं को सिर्फ बरगला रहे हैं, उनका इस्तेमाल करके सत्ता हासिल करना चाहते हैं. सिर्फ माहौल को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं. देश और प्रदेश में अराजकता फैला रहे हैं. आपका लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ सत्ता की कुर्सी है. कयामत तक हम लोग आप पर भरोसा नहीं कर सकते हैं. महराजा सुहेलदेव की जय, राधे-राधे, जय श्री सीताराम


