लखनऊ. भाजपा अपने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सुदृढ़ और सक्रिय बनाने के लिए बुधवार यानी 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करेगी. पार्टी के ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ और ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ आयोजित होने वाले इन सम्मेलनों में संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- बीजेपी’राज’ में विरोध गुनाह है! राहुल-प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने से भड़के कांग्रेसी, सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर बोला तीखा हमला
इन सम्मेलनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ अध्यक्षों से संवाद करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर की लहरपुर विधानसभा में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली शहर और ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर की जलालाबाद विधानसभा में आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे. वहीं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह वाराणसी दक्षिण और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे.
इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में कहां सेफ हैं ‘बेटियां’! नाबालिग से रेप और जान से मारने की धमकी देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, तो ऐसे आएगा ‘रामराज’?
इसके अतिरिक्त पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, एके शर्मा, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, दानिश अंसारी समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों में भाग लेंगे. प्रदेश महामंत्री संजय राय, रामप्रताप सिंह चौहान, अभिजात मिश्रा सहित प्रदेश पदाधिकारियों को भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भाजपा के अनुसार इन सम्मेलनों का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना है. पार्टी मानती है कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन होता है. इसी रणनीति के तहत बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दृष्टि से प्रशिक्षित करने और जनसंपर्क अभियानों को गति देने की तैयारी की गई है. भाजपा का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर प्रभावी संगठनात्मक तंत्र विकसित कर चुनावी विजय के संकल्प को साकार करना है.


