सतीश सिंह, लखनऊ. राजधानी के अलीगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार को भी सीज कर दिया है. मामले में पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार मंगलवार को नाबालिग पीड़िता ने थाना अलीगंज में शिकायत दर्ज कराई कि दो युवकों ने उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी.

इसे भी पढ़ें- दलितों को सताने में मजा आता है क्या? ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, तीखे सवाल करते हुए दे डाली नसीहत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर मंगलवार को दोपहर करीब 11:40 बजे बंधा रोड के पास से दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में जतिन बाजपेई उर्फ छोटू (32 वर्ष), पुत्र कौशल बाजपेई, निवासी त्रिवेणीनगर-3, थाना अलीगंज तथा दीपक उर्फ शिवम शुक्ला (33 वर्ष), पुत्र आनंद कुमार शुक्ला, निवासी 60 फीटा रोड, त्रिवेणीनगर-3, थाना अलीगंज शामिल हैं.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नीले रंग की मारुति बलेनो कार (UP-32-BK-8317) बरामद कर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा-207 के तहत सीज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के संबंध में बयान दिए हैं. मामले की विवेचना अभी जारी है.

इसे भी पढ़ें- राजनीति के राम बेहद जरूरी! भाजपा नेता ने अवधेश प्रसाद को बताया एक्सीडेंटल सांसद, राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर साधा निशाना

पुलिस के मुताबिक, जतिन बाजपेई के खिलाफ वर्ष 2021 में हसनगंज थाने में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था. वहीं, दीपक उर्फ शिवम शुक्ला के खिलाफ जुआ अधिनियम के अलावा अलीगंज थाने में वर्ष 2026 में मारपीट और धमकी से संबंधित एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है. दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी अन्य जनपदों से भी जुटाई जा रही है. वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है.