उन्नाव. एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहां तेज रफ्तार डस्ट लादकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार जीजा-साले को ठोकर मार दी. घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.

इसे भी पढ़ें- नौजवान देश का भविष्य है, लेकिन… नौकरी, पेपर लीक और लखनऊ अग्निकांड को लेकर भाजपा पर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, जानिए ऐसा क्या कहा?

बता दें कि घटना कालूखेड़ा-असोहा मार्ग पर सेरवैया गांव की मोड़ के पास उस वक्त घटी, जब सूरत रावत (55) अपने बेटे के ससुर की मौत होने पर अपने फुफुरे साले के साथ भटपुरा गांव बाइक पर पहुंचे थे. सूरत रावत अपने साले के साथ बर्फ की सिल्ली लाने के लिए निकले थे. इसी दौरान डस्ट लादकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को ठोकर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि दोनों दूर जा गिरे. हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी.

इसे भी पढ़ें- BJP के शब्दकोश में न ‘धर्म’ है, न ‘शर्म’…पेपर लीक को लेकर अखिलेश यादव ने साधा निशाना, भाजपा पर राम मंदिर को लेकर लगाए गंभीर आरोप

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया. जहां डॉक्टरों ने जांच कर मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान सूरत रावत (55) और रज्जन रावत (50) के रूप में हुई है. पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है. शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है.