बदायूं। जिले में शादी समारोह के दौरान नेग को लेकर विवाद हिंसक हो गया। किन्नर पक्ष 21,000 की मांग कर रहा था, जबकि दूल्हा पक्ष 2,100 देने पर अड़ा था। विवाद बढ़ने पर पहले कहासुनी और फिर मारपीट हुई। आरोप है कि इसी दौरान किन्नरों ने दूल्हे के भाई को गोली मार दी।

नेग को लेकर हुआ विवाद

यह पूरा मामला जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र का है। जहां मूसाझाग थाना क्षेत्र के कथरा गांव के रहने नेमचंद्र अपने बेटे नरेंद्र की बारात लेकर हुसैनपुर निवासी प्रेम शंकर के घर पहुंचे थे। धूमधाम से बारात का स्वागत हुआ और शादी की रस्में शुरू हुईं। गुरुवार सुबह फेरे के बाद दुल्हन को विदा कराने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच 6 किन्नर कार से मौके पर पहुंच गए और शादी की खुशी में नेमचंद्र से 21 हजार रुपए का नेग मांगा। नेमचंद्र ने उन्हें 2100 रुपए देने की बात कही।

READ MORE: ख़त्म हुई लव स्टोरी… प्रेमिका के परिजनों ने पीटा तो बॉयफ्रेंड ने जहर खाकर दे दी जान

मामले की जांच जारी

नेग को लेकर किन्नरों और दूल्हा पक्ष के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि वे अभद्रता और गाली-गलौज पर उतर आए। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एक किन्नर दौड़कर गया और अपनी गाड़ी से तमंचा निकाल लाया। उसने लोगों को धमकाया और दूल्हे के भाई नरेंद्र को गोली मार दी। घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किन्नर महासभा के जिलाध्यक्ष समेत 6 किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।