उत्तर प्रदेश शासन ने 11 पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं. इस फेरबदल में लखनऊ, पीलीभीत, फतेहपुर, रायबरेली और बुलंदशहर समेत कई स्थानों पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिली है.
लखनऊ. शुक्रवार को शासन स्तर पर 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए. इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत लखनऊ, बुलंदशहर, फतेहपुर, पीलीभीत और रायबरेली समेत विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. जारी आदेश के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना होगा.
कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार, राज बहादुर को हाथरस के उप जिलाधिकारी पद से हटाकर बुलंदशहर का अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नियुक्त किया गया है. वहीं, संजय कुमार यादव को लखनऊ के एसडीएम पद से स्थानांतरित कर नगर निगम लखनऊ में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है.
दुर्गेश यादव को फतेहपुर के एसडीएम पद से हटाकर राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है. शशि कुमार को राहत आयुक्त कार्यालय से स्थानांतरित कर फतेहपुर का एसडीएम नियुक्त किया गया है. इसके अलावा सुशील कुमार सिंह को मथुरा से फतेहपुर भेजकर एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पीलीभीत में भी बदलाव
हेमंत कुमार चौधरी को पीलीभीत के एसडीएम पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है. वहीं, मांधाता प्रताप सिंह को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से स्थानांतरित कर पीलीभीत का एसडीएम नियुक्त किया गया है.
इसी तरह मयंक गोस्वामी को पीलीभीत के एसडीएम पद से हटाकर लखनऊ स्थित चकबंदी मुख्यालय में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) बनाया गया है. उनके स्थान पर अजय कुमार को चकबंदी मुख्यालय से स्थानांतरित कर पीलीभीत का एसडीएम नियुक्त किया गया है.
रायबरेली में नई नियुक्ति
तबादला सूची में रायबरेली और उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ से जुड़े अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है. अमित कुमार-द्वितीय को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक पद से हटाकर रायबरेली का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है.
वहीं, रायबरेली के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अशोक कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का नया प्रधान प्रबंधक नियुक्त किया गया है.

