भदोही और एटा में रविवार को यूपी पीईटी 2026 की अंतिम दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई. भदोही में 8,817 और एटा में 4,434 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी.
भदोही/एटा. उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2026 का अंतिम दिन रविवार को भदोही और एटा में कड़ी सुरक्षा तथा प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. भदोही में दोनों पालियों में 8,817 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि एटा में 4,434 परीक्षार्थी शामिल हुए.
भदोही में परीक्षा के दौरान विंध्याचल मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने काशी नरेश विश्वविद्यालय, ज्ञानपुर समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया.
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर अभ्यर्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, परीक्षा संचालन और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया. केंद्र व्यवस्थापकों को शासन और आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए.
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. साथ ही परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए.
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए.
भदोही में 8,817 शामिल
भदोही में परीक्षा के लिए कुल 13 केंद्र बनाए गए थे और दोनों पालियों में 11,328 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. पहली पाली में 5,664 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4,441 उपस्थित रहे, जबकि 1,223 परीक्षा देने नहीं पहुंचे.
दूसरी पाली में भी 5,664 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,376 ने परीक्षा दी और 1,288 अनुपस्थित रहे. दोनों पालियों को मिलाकर 8,817 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि कुल 2,511 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
एटा में 62.42 प्रतिशत उपस्थिति
एटा में भी रविवार को पीईटी 2026 के अंतिम दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. पहली पाली में 3,552 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,222 ने परीक्षा दी और 1,330 अनुपस्थित रहे, जिससे उपस्थिति 62.56 प्रतिशत दर्ज की गई.
दूसरी पाली में 3,552 पंजीकृत अभ्यर्थियों के मुकाबले 2,212 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 1,340 परीक्षा देने नहीं पहुंचे. इस पाली में उपस्थिति 62.27 प्रतिशत रही.
दोनों पालियों को मिलाकर एटा में कुल 7,104 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. इनमें से 4,434 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2,670 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और कुल उपस्थिति 62.42 प्रतिशत दर्ज की गई.

