UP Police Constable Written Exam 2026. आज से उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती (UP Police Constable) लिखित परीक्षा 2026 की शुरुआत हो रही है. 8, 9 और 10 जून 2026 को इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं. 7 से 10 जून तक परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. लखनऊ-गोरखपुर रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. सभी स्पेशल ट्रेनों में 12 कोच लगाए जाएंगे. लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ये व्यवस्था की गई है.
वहीं परीक्षा को लेकर सीएम योगी ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में सम्मिलित हो रहे सभी अभ्यर्थियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं. पूर्ण आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दीजिए. आपकी मेहनत अवश्य सार्थक होगी. उत्तर प्रदेश सरकार ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं. आप सभी की सफलता के लिए अनंत मंगलकामनाएं.’
इसे भी पढ़ें : UP Police Constable Written Exam 2026 : अभ्यर्थियों को बस के किराये में 50 फीसदी की छूट, CM योगी ने किया ऐलान
बता दें कि बीते दिनों उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने इस संबंध में सूचना जारी की थी. आधिकारिक नोटिस के अनुसार, ये परीक्षा राज्य भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर हर दिन दो पालियों (shifts) में आयोजित होगी. जारी नोटिस में लिखा गया है कि ‘यह सूचना अभ्यर्थियों के सूचनार्थ प्रकाशित की जा रही है. अभ्यर्थियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अग्रेतर महत्वपूर्ण निर्देशों हेतु उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ की वेबसाइट http://uppbpb.gov.in का अवलोकन करते रहें. यह भी सूचित किया जाता है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा सम्बन्धी समस्त सूचना/ निर्देश बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से ही प्रदत्त की जाएगी’.
विज्ञापन के तहत कुल 32,679 पदों पर भर्तियां की जाएगी. इसके लिए प्रदेश के 75 जिलों के 1180 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा में लगभग 28.86 लाख उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है.

