लखनऊ. उत्तर प्रदेश बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. यूपी में लगातार 7वें साल बिजली दरें नहीं बढ़ाई गई है. नोएडा में 10% रिबेट भी जारी रहेगी. राज्य विद्युत नियामक आयोग ने इस वर्ष भी बिजली की कीमतों को यथावत रखने का फैसला सुनाया है. यूपी सरकार का दावा है कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जहां लगातार सात वर्षों तक बिजली दरें नहीं बढ़ाई गईं. इसके साथ ही नोएडा में उपभोक्ताओं को मिल रही 10 प्रतिशत रिबेट भी जारी रहेगी.

राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उपभोक्ता परिषद् की लड़ाई रंग लाई. उन्होंने यह भी कहा कि विद्युत निगम चोर दरवाजे से बिजली के रेट्स बढ़ाना चाहता था लेकिन विद्युत नियामक आयोग के ऐलान से आज उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है.

इसे भी पढ़ें : रफ्तार ने लगाया जिंदगी पर ब्रेक: स्कॉर्पियो ने ट्रक को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत

वर्मा ने कहा कि यूपी देश का पहला राज्य बन गया है जहां सात साल से दाम नहीं बढ़े. अब आने वाले समय में चार्जिंग स्टेशन है, जहां पर दिन में ई रिक्शा या ईवी चार्जिंग करेगा, उसमें 20 फीसदी की छूट मिलेगी. हालांकि यह छूट केवल दिन में रहेगी. नियामक आयोग का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब बीते दिनों बिजली उपभोक्ताओं पर सरचार्ज का बोझ पहले लादा गया फिर हटा लिया गया.

इस संदर्भ में उर्जा मंत्री अरविंद शर्मा का एक पत्र भी सामने आया था जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन को फटकार लगाई थी कि बिना उनसे चर्चा किए सरचार्ज का ऐलान कैसे कर दिया गया. मंत्री ने पत्र में दावा किया था कि सरचार्ज बढ़ने की जानकारी उन्हें खबरों के जरिए हुई थी.