लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून अभी सक्रिय है. मंगलवार (15 सितंबर 2026) को मौसम विभाग ने प्रदेश के 72 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं और 26 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. करीब 4 लाख की आबादी प्रभावित बताई जा रही है. कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है.
इसे भी पढ़ें- UP Cabinet Meeting: इलाज की टेंशन होगी खत्म! मंगलवार को योगी कैबिनेट ले सकती है PRD जवानों के हक में बड़ा फैसला
फर्रुखाबाद में 111 गांव बाढ़ की चपेट में
फर्रुखाबाद में गंगा और रामगंगा की बाढ़ से 111 गांव प्रभावित हैं. कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं और सड़कों पर नाव चल रही हैं. बाढ़ के पानी में डूबने से तीन साल के बच्चे की मौत भी हो गई. उन्नाव में गंगा खतरे के निशान से 12 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है. यहां 30 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं.
बलिया और बलरामपुर में बिजली गिरने से मौत
बलिया में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो झुलस गए. बलरामपुर में भी बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई और उसका भतीजा घायल हुआ. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी का कटान तेज है. इसी जिले में एक महिला को मगरमच्छ के नाले में खींच ले जाने की घटना भी सामने आई है.
चंदौली के 6 डैम ओवरफ्लो
चंदौली में लगातार बारिश के चलते छह डैम ओवरफ्लो हो गए हैं. नौगढ़, चंद्रप्रभा, भैसोड़ा, मुसाखाड़, लतीफशाह और मुजफ्फरपुर डैम के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है. इनसे करीब 5,256 क्यूसेक पानी नदियों में छोड़ा गया है. लतीफशाह डैम से पानी झरने की तरह बह रहा है.
इसे भी पढ़ें- मेरठ में गूंजा धोनी और विराट का नाम! अफगानिस्तानी क्रिकेटर बोले- ‘भारत में मिलता है सबसे ज्यादा प्यार’
सामान्य से 3 फीसदी कम बारिश
IMD लखनऊ के मुताबिक मानसूनी सीजन में अब तक यूपी में करीब 666 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जबकि सामान्य बारिश 685.7 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 3 फीसदी कम बारिश हुई है. मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना अधिक है.



