लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश के कई अग्रणी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। 10 जुलाई से 14 जुलाई की अवधि में उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य रहा है।
ऊर्जा विभाग के मुताबिक 12 जुलाई को प्रदेश में 30,598 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई, जबकि 14 जुलाई को 30,457 मेगावाट, 13 जुलाई को 29,827 मेगावाट, 11 जुलाई को 29,041 मेगावाट और 10 जुलाई को 26,571 मेगावाट बिजली की आपूर्ति दर्ज की गई।
बिजली आपूर्ति में यूपी बना नंबर वन
ऊर्जा विभाग के अनुसार, रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति के मामले में उत्तर प्रदेश ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। योगी सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। गांवों में निर्धारित 18 घंटे के शेड्यूल से अधिक समय तक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, शहरों, तहसील मुख्यालयों और औद्योगिक क्षेत्रों में भी निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
READ MORE: चिकित्सा केवल पेशा नहीं बल्कि सेवा, संवेदना और राष्ट्रनिर्माण का पवित्र माध्यम : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बरसात के मौसम में लोगों से टूटे बिजली के तारों, ट्रांसफॉर्मरों, खंभों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में 1912 हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की है।

