यूपी रेरा ने लखनऊ समेत छह जिलों में 2,380.04 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली 13 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं के तहत कुल 4,724 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा.
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़ी 13 नई परियोजनाओं को यूपी रेरा ने मंजूरी दी है. यूपी रेरा मुख्यालय में हुई प्राधिकरण की 212वीं और 213वीं बैठकों में लखनऊ समेत छह जिलों की इन परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई. इनमें कुल 2,380.04 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से 4,724 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा.
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी के अनुसार, अनुमानित निवेश के लिहाज से बाराबंकी सबसे आगे रहा. यहां 751.42 करोड़ रुपये के निवेश वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. दोनों परियोजनाओं में कुल 591 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है.
लखनऊ में सबसे ज्यादा इकाइयां
नई बनने वाली इकाइयों की संख्या के मामले में लखनऊ सबसे आगे है. जिले में 385.76 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें 1,392 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा.
वाराणसी में तीन आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. इन परियोजनाओं में कुल 750.24 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इनके तहत 1,189 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा.
गाजियाबाद में 864 इकाइयां
गाजियाबाद में 286.27 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. इनमें दो व्यावसायिक और एक आवासीय परियोजना शामिल है, जिनके तहत कुल 864 इकाइयों का निर्माण होगा.
गौतमबुद्ध नगर में 186 करोड़ रुपये की लागत वाली एक आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना को स्वीकृति दी गई है. इन दोनों परियोजनाओं में कुल 564 इकाइयों का निर्माण प्रस्तावित है.
आगरा में दो परियोजनाएं
आगरा में 20.35 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. इनके माध्यम से कुल 124 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा.
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है. उनके मुताबिक, परियोजनाओं को समय पर मंजूरी देने के साथ उनकी प्रभावी निगरानी से घर खरीदारों और प्रमोटरों दोनों के लिए बेहतर माहौल तैयार हो रहा है.



