सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने 30 जुलाई से शुरू होने वाली श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) के अधिकारियों को सुरक्षित और सुचारु बस संचालन के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि के मुख्य पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए.

मंत्री ने बताया कि आगरा, बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, गोरखपुर और वाराणसी क्षेत्र कांवड़ यात्रा से सबसे अधिक प्रभावित रहेंगे. हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस मार्ग पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी. इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख धार्मिक मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी.

इसे भी पढ़ें : योगी ने जालौन के पिछड़ेपन पर विपक्ष को घेरा, कहा- घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह कर रहे

दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी बस स्टेशनों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, उद्घोषणा प्रणाली और खान-पान की सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रभावित क्षेत्रों में बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाएगी और सभी चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट अनिवार्य रूप से कराया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए.

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जो पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान सक्रिय रहेगा. जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन योजना के अनुसार ही बसों का संचालन किया जाएगा और सभी संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए व्हाट्सएप समूह और दूरभाष के माध्यम से लगातार सूचना साझा की जाएगी. इससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी.