सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने रविवार को वृक्षारोपण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया. ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में प्रदेशभर में एक ही दिन में 35,27,89,926 पौधे लगाए गए. यह सरकार के 35 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य से 27,89,926 पौधे अधिक है. अभियान प्रदेश के सभी 75 जिलों और 18 मंडलों में एक साथ चलाया गया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर त्रिवेणी (नीम, पीपल और बरगद) के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया. इसके अलावा उन्होंने ताल रिंग रोड के किनारे मौलश्री का पौधा भी रोपा. मुख्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : 30 जनपदों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, चल सकती है तेज आंधी

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ स्थित जनभवन में सफेद चंदन का पौधा लगाया. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा अन्य मंत्रियों ने भी अपने-अपने जिलों में अभियान में भाग लिया.

वन विभाग के नेतृत्व में रेलवे, रक्षा, ग्राम पंचायत, एक्सप्रेसवे, सड़क, नहर, शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों, राजकीय भूमि और किसानों की निजी भूमि सहित विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया. अभियान की निगरानी प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए रियल टाइम में की गई और पौधों की जियो-टैगिंग भी सुनिश्चित की गई. अभियान की प्रगति की जानकारी दिनभर ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट होती रही.

इसे भी पढ़ें : पौधरोपण महाअभियान का गोरखपुर से शुभारंभ, सुबह 11 बजे तक रोपे गए 14 करोड़ से ज्यादा पौधे

सरकार के अनुसार सुबह 8 बजे तक लगभग 1.02 करोड़ पौधे लगाए गए थे, जबकि शाम 6 बजकर 12 मिनट तक यह संख्या बढ़कर 35.27 करोड़ से अधिक पहुंच गई. इससे पहले विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) पर भी प्रदेश में 5,01,46,441 पौधे लगाए गए थे. इस प्रकार दोनों अभियानों में मिलाकर उत्तर प्रदेश में 40,29,36,367 पौधों का रोपण किया जा चुका है.