लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में आज 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. सोनभद्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं मंगलवार को मेरठ, संभल, बिजनौर और मुजफ्फरनगर समेत 10 शहरों में जोरदार बारिश हुई. प्रयागराज में देर रात करीब 11 बजे लगभग 30 मिनट तक झमाझम बारिश हुई.
मेरठ-मुजफ्फरनगर में सड़कें बनीं तालाब
भारी बारिश के बाद मेरठ और संभल की गलियां और कॉलोनियां जलमग्न हो गईं. कई घरों और दुकानों में करीब एक फीट तक पानी भर गया. मुजफ्फरनगर में कांवड़ रूट और शिव चौक पर 2 से 3 फीट तक पानी जमा हो गया. जलभराव का जायजा लेने के लिए डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा खुद बारिश के बीच घुटनों तक पानी में उतरे. बिजनौर में भी सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी भर गया, जबकि मेरठ में सुबह रुक-रुककर बारिश होती रही.
10 नदियां उफान पर, 16 जिलों में बाढ़ का खतरा
पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर यूपी की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है. प्रदेश की करीब 10 नदियां उफान पर हैं और 16 जिलों में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है. फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर बढ़ने से हालात गंभीर हैं. पिछले कुछ दिनों में कई मकान नदी में समा चुके हैं. करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं. लोग नावों के सहारे अपना सामान सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रहे हैं.
वाराणसी-मथुरा के घाटों तक पहुंचा पानी
वाराणसी में गंगा का पानी बढ़ने से घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं. सभी 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते भी जलमग्न हो गए हैं. वहीं मथुरा में यमुना का पानी घाटों की सीढ़ियों तक पहुंच गया है. सहारनपुर में भारी बारिश के बाद बरसाती नदी में अचानक सैलाब आ गया. शाकंभरी देवी मंदिर के एंट्री गेट पर भी पानी भर गया.
पश्चिमी यूपी में बारिश, पूर्वांचल में कमी के आसार
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर मध्य क्षोभमंडल तक विस्तृत निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो रही है. हालांकि मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति से कुछ दक्षिण में बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में आई कमी 12 अगस्त तक जारी रहने के आसार हैं. वहीं पश्चिमी यूपी में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.


