UP Weather Today. उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है. शनिवार को प्रदेश के 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. बीते 24 घंटे में प्रदेश में करीब 60 मिमी बारिश दर्ज की गई है. हालांकि रविवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का ये दौर थम सकता है. वहीं कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश भी हो सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक कहीं कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है. जबकि आज और कल पूर्वांचल में छिटपुट बारिश होने की संभावना है. वहीं 3 नवंबर के बाद मौसम शुष्क रहेगा. राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 1 November: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

20 शहरों में बारिश, कई जगह चलीं तेज हवाएं

बता दें कि बीते शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे. लखनऊ में लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर बारिश हुई. गोरखपुर, आजमगढ़ और जौनपुर में भी बारिश दर्ज की गई. अलीगढ़ समेत करीब 25 शहरों में आसमान में बादल छाए रहे. ठंडी हवाओं के कारण लोगों को मौसम में बदलाव महसूस हुआ.

जौनपुर में धान की फसल को नुकसान

जौनपुर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई. वाराणसी में पिछले दो दिनों में तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. बारिश और ठंडी हवाओं से किसानों की चिंता बढ़ गई है. कई इलाकों में फसल को नुकसान की आशंका है.

अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां प्रभावित

अयोध्या में बारिश के कारण दीपोत्सव की तैयारियों पर असर पड़ा. राम की पैड़ी के पास दीपोत्सव स्थल पर काम कर रहे कर्मचारियों को बारिश के चलते काम रोकना पड़ा. कर्मचारी मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, ललितपुर में शाम करीब 6 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई. इससे ठंड बढ़ गई.