UP WEATHER TODAY. उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर लगभग थम गया है. कुछ क्षेत्रों को छोड़ दें मानसून पर ब्रेक लग चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक 14 अक्टूबर तक प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है. जबकि रात के तापमान में गिरावट जारी रहने के आसार हैं. वहीं, 15 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है.

बीते 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में एक या दो जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी हुई लेकिन, ज़्यादातर मौसम शुष्क ही रहा. मौसम विभाग ने बुधवार को भी पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है. इसके अलावा प्रदेश का मौसम शुष्क रहने के ही आसार हैं. मौसम के शुष्क रहने से लोगों को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है. दिन में धूप तेज रहने से गर्मी का एहसास हो सकता है, लेकिन रात में तापमान गिरने से हल्की ठंड महसूस होने लगेगी. मौसम में इस बदलाव के बीच सुबह और रात के समय तापमान पर नजर रखना जरूरी होगा.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 14 October: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के पश्चिमी संभाग में आज कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान बदल गरजने और वज्रपात के साथ तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. हालांकि पूर्वांचल संभाग में मौसम शुष्क रहेगा. वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, बस्ती, देवरिया समेत आसपास के सभी जिलों में आज दिनभर मौसम साफ रहेगा.

15 अक्टूबर से सक्रिय हो सकता है पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 15 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि, बारिश किन जिलों में और कितनी होगी, इसे लेकर ताजा पूर्वानुमान का इंतजार करना होगा.

यूपी में इस बार जल्दी आएगी सर्दी?

बारिश के बाद रात के तापमान में गिरावट से लोगों के मन में सवाल है कि क्या इस बार सर्दी जल्दी दस्तक देगी. फिलहाल, रात का पारा गिरना अपने आप में जल्दी सर्दी आने का पक्का संकेत नहीं है. इसके लिए तापमान के अगले कुछ दिनों के रुझान और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखना होगा. आने वाले दिनों में मौसम का बदलाव ही बताएगा कि प्रदेश में ठंड कब जोर पकड़ेगी.